scorecardresearch
 

Maharashtra: रिहायशी इमारत के बेसमेंट में लगी आग, 29 बाइक जलकर राख, 5 लोग घायल

महाराष्ट्र के डोंबिवली पूर्व के सागाव इलाके में एक रिहायशी इमारत के बेसमेंट में भीषण आग लग गई. इस हादसे में 29 बाइक जलकर खाक हो गईं और आग बुझाने के दौरान पांच लोग घायल हो गए. दमकल विभाग ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट आग का कारण माना जा रहा है.

Advertisement
X
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग!(Photo: Mithlesh Gupta/ITG)
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग!(Photo: Mithlesh Gupta/ITG)

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली पूर्व के सागाव इलाके में रविवार सुबह एक रिहायशी इमारत के बेसमेंट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. यह घटना चेडा नगर स्थित जय भारत स्कूल के पास ‘राज अपार्टमेंट’ और ‘रविकिरण सोसायटी’ की जुड़ी इमारतों के बेसमेंट पार्किंग में हुई. आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए.

बताया जा रहा है कि पार्किंग में खड़ी एक बाइक में अचानक आग लगी, जो कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई. पास में खड़ी अन्य बाइकों और साइकिलें भी आग की चपेट में आ गईं. इस हादसे में 29 बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गए. आग से उठता घना धुआं सीढ़ियों के रास्ते ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी.

यह भी पढ़ें: ठाणे कोर्ट का सख्त फैसला... नवजात बेटे की हत्या में पिता को उम्रकैद, पत्नी का भी किया था क़त्ल

आग बुझाने में जुटे लोगों में पांच घायल

आग लगने के बाद इमारत में रहने वाले लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. इस दौरान आग बुझाने की कोशिश में पांच निवासी हल्के रूप से झुलस गए और धुएं से प्रभावित हुए. घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

Advertisement

देखें वीडियो...

घटना के समय बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लोगों ने काफी मशक्कत की. समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई. हालांकि, इस हादसे में वाहनों का भारी नुकसान हुआ है और लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई.

दमकल ने एक घंटे में पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया.

प्राथमिक जांच में आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और पंचनामा की कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Advertisement