रामभक्त, शिवभक्त बनने के बाद अब राहुल गांधी राम की भूमिका में नजर आ रहे हैं. कम से कम भोपाल में लगे पोस्टर तो यही बता रहे हैं. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का एक पोस्टर वायरल हो रहा है जिसमें वे स्वयं राम के रूप में नजर आ रहे हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी रावण के रूप में दिख रहे हैं. इस पोस्टर पर एक स्लोगन भी लिखा है 'चोरो, तुम्हारी खैर नहीं, हम रामभक्त हैं, चोरों के अलावा किसी से बैर नहीं'. राहुल गांधी की भोपाल यात्रा से पहले इस तरह के पोस्टरों से राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं.
दरअसल, लोकसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में लगे हैं और उनके नेताओं ने ताबड़तोड़ यात्राएं शुरू भी कर दी हैं. बीजेपी के शीर्ष नेताओं समेत कांग्रेस भी इसी मुहिम में जुट गई है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की यात्रा पर हैं लेकिन उनकी इस यात्रा से पहले राजधानी में लगे पोस्टर सबका ध्यान खींच रहे हैं. इस पोस्टर में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को राम के रूप में और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रावण के रूप में बताया गया है.
भावी प्रधानमंत्री का लगा दिया था पोस्टर
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को एक पोस्टर में भावी प्रधानमंत्री बताया गया था. इस तरह के पोस्टर मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगा दिए गए थे. कार्यकर्ता लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत तय मान रहे हैं और जीत के बाद राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री बनेंगे. ये तय मानकर अभी से उत्साहित कार्यकर्ता इस तरह के पोस्टर लगा रहे हैं.

क्या राम मंदिर बनवाएंगे राहुल गांधी
राजधानी भोपाल के एक अन्य गोविंदपुरा इलाके में भी राहुल गांधी के स्वागत के लिए लगाया पोस्टर भी चर्चाओं का केंद्र बन गया है. इस पोस्टर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को 'रामभक्त' बताते हुए लिखा है कि 'अयोध्या में राम मंदिर राहुल गांधी बनवाएंगे.' इसके अलावा इसी पोस्टर में मुख्यमंत्री कमलनाथ को 'हनुमान भक्त' बताया गया है.

दरअसल, राहुल गांधी 8 फरवरी को किसान आभार सभा के लिए भोपाल में रहने वाले हैं. भोपाल में इस रैली को सफल बनाने के लिए एक तरफ कांग्रेस इसकी तैयारी में जोर-शोर से जुट गई है तो वहीं कुछ उत्साहित कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के स्वागत के लिए पोस्टर भी लगा दिए हैं.
'पोस्टर पॉलिटिक्स' का केंद्र बनता जा रहा है भोपाल
मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भी राज्य में जमकर 'पोस्टर पॉलिटिक्स' हुई थी. भोपाल में ही राहुल गांधी के रोड शो से पहले उन्हें शिवभक्त बताने वाले पोस्टर लगाए गए थे. इस पोस्टर की काफी चर्चा हुई थी. वहीं, विधानसभा चुनाव के दौरान जब राहुल गांधी चित्रकूट गए थे तो कार्यकर्ताओं ने उनके 'राम भक्त' वाले पोस्टर लगा दिए थे.