scorecardresearch
 

शटर काटा और चुरा ली 3 लाख की ब्रांडेड शराब, चोरों ने उड़ा दी करीब 30 पेटियां

गढ़वा के कांडी में एक लाइसेंसी शराब दुकान से अज्ञात चोरों ने शटर काटकर करीब 3 लाख रुपये की ब्रांडेड शराब चोरी कर ली. चोरों ने महंगे ब्रांड की 29-30 पेटियां पार कीं. पुलिस फिंगरप्रिंट और मोबाइल लोकेशन के जरिए जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है.

Advertisement
X
लाखों की ब्रांडेड शराब चोरी (Photo: Screengrab)
लाखों की ब्रांडेड शराब चोरी (Photo: Screengrab)

झारखंड के गढ़वा जिले से चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां चोरों ने इस बार नकदी या सामान नहीं बल्कि महंगी ब्रांडेड शराब को निशाना बनाया. कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित एक लाइसेंसी अंग्रेजी शराब दुकान में अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर लाखों रुपये की शराब चोरी कर ली. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस जांच में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार कांडी प्रखंड मुख्यालय में पेट्रोल पंप के पास एक नवनिर्मित मकान में अंग्रेजी शराब की दुकान संचालित होती है. बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया. चोरों ने पहले दुकान के शटर को काटा और फिर अंदर घुसकर स्टॉक रूम का ताला तोड़ दिया. इसके बाद उन्होंने बड़ी सफाई से महंगे ब्रांड की शराब की पेटियां चोरी कर लीं.

शटर काटकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम

बताया जा रहा है कि चोरों ने सिग्नेचर और ब्लेंडर्स प्राइड जैसे ब्रांड की करीब 29 से 30 पेटी शराब पार कर दी. चोरी गई शराब की कुल कीमत लगभग 3 लाख 7 हजार 200 रुपये बताई जा रही है. चोरों ने सिर्फ महंगे ब्रांड को ही चुना, जिससे उनकी योजना और समझदारी साफ नजर आती है.

घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब दुकान संचालक रोज की तरह सुबह दुकान खोलने पहुंचे. उन्होंने देखा कि स्टॉक रूम का ताला टूटा हुआ है. यह देखकर उनके होश उड़ गए. जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो पता चला कि कई पेटियां गायब हैं. इसके बाद तुरंत इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और उत्पाद विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

पुलिस अवर निरीक्षक बृज कुमार ने बताया कि चोरों तक पहुंचने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है. साथ ही आसपास के इलाके में मोबाइल लोकेशन भी खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों तक पहुंचा जा सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा. इस मामले में गढ़वा के उत्पाद अधीक्षक संजीत देव ने भी कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है. इसके बाद भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें चोरी की बात सही पाई गई है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है.

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

गौर करने वाली बात यह है कि कांडी थाना क्षेत्र में पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक पुलिस किसी भी मामले में ठोस सफलता हासिल नहीं कर पाई है. ऐसे में यह नई घटना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है. इस चोरी ने यह भी संकेत दिया है कि अब चोर हाईटेक और शातिर हो गए हैं, जो सोच-समझकर महंगे सामान को निशाना बना रहे हैं. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement