जम्मू के पुंछ में भारतीय पोस्ट पर पाकिस्तान की ओर से भारी गोलीबारी चल रही है. भारतीय सैनिकों ने भी पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब दिया है. इस फायरिंग में एक लड़की की मौत हो गई जबकि पांच अन्य जख्मी हो गए हैं.
इस भारी गोलीबारी में 16 साल की जाहिरा अख्तर की मौत हो गई है. जाहिरा पुंछ के सौजैन इलाके के गागडिया गांव की थी. गोलीबारी में पांच अन्य लोग घायल भी हो गए हैं. पाकिस्तान की ओर से मोर्टार छोड़े जाने से करीब 40 घरों को नुकसान भी पहुंचा है. गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया है.
पुंछ के सौजैन में एलओसी में माइन ब्लास्ट में एक सैनिक घायल हुआ है. आर्मी सूत्रों के मुताबिक सैनिक संदीप कुमार ड्यूटी से लौट रहा था तभी सौजैन के मुखयारी में माइन ब्लास्ट में घायल हो गए. उन्हें आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
डिफेंस प्रवक्ता लेफटिनेंट कर्नल मुनीष मेहता ने बताया कि जम्मू के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया. सौजैन में पाकिस्तान लगातार फायरिंग करता रहा है.