2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के कई टूरिस्ट स्पॉट्स को बंद कर दिया था. अब हमले के करीब 11 महीने बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आदेश दिया है कि केंद्र शासित प्रदेश के इन 14 पर्यटन स्थलों को फिर से खोल दिया जाए.
पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले ने देश को झकझोर दिया था. इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें ज्यादातर टूरिस्ट थे. इस अटैक के बाद जम्मू-कश्मीर के 50 टूरिस्ट स्पॉट्स को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया था.
इससे पहले 26 सितंबर 2025 को भी एलजी ने अस्थायी तौर पर बंद हुए 12 टूरिस्ट स्पॉट्स को फिर से खोलने का आदेश दिया था. अब नए आदेश में 14 और पर्यटन स्थानों को फिर खोलने के लिए कहा गया है. जबकि बंद हुए 50 टूरिस्ट स्पॉट्स में से 24 जगहें अभी भी नहीं खुले हैं.
फिर लौटेगी रौनक!
एलजी कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'गहन सुरक्षा समीक्षा और चर्चा के बाद, मैंने कश्मीर और जम्मू संभागों के और अधिक पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने का आदेश दिया है, जिन्हें एहतियाती तौर पर अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था.'
कौन-कौन से पर्यटन स्थल खुलेंगे?
सिन्हा ने पोस्ट में कहा, 'कश्मीर संभाग के ग्यारह पर्यटन स्थलों - युसमर्ग, दूधपथरी, कोकरनाग में दांदीपोरा पार्क, पीर की गली, शोपियां में दुबजन और पदपावन, अस्तानपोरा, श्रीनगर में ट्यूलिप गार्डन, थाजीवास ग्लेशियर, गांदरबल में हंग पार्क, और बारामूला में वुलर और वाटलाब को तुरंत फिर से खोला जाना है.'
बर्फ साफ होने के बाद खुलेंगे ये स्पॉट
इसके अलावा जम्मू संभाग के तीन पर्यटन स्थलों- रियासी में देवी पिंडी, रामबन में महु मंगत और किश्तवाड़ में मुगल मैदान को भी तत्काल प्रभाव से खोले जाने का आदेश दिया गया है. हालांकि गुरेज, अथवाटू, बंगस और रामबन में रामकुंड को बर्फ साफ होने के बाद फिर से खोला जाएगा.