scorecardresearch
 

अस्पतालों और स्कूलों को प्राथमिकता... कमर्शियल LPG सिलेंडरों पर हरियाणा सरकार का फैसला

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की.

Advertisement
X
सीएम नायब सिंह सैनी (File Photo: PTI)
सीएम नायब सिंह सैनी (File Photo: PTI)

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच एलपीजी आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की.

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंद्रू, पुलिस महानिदेशक अंशज सिंह और तेल कंपनियों के अधिकारी भी मौजूद रहे.

बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 9 मार्च को निर्देश जारी किए थे, जिनमें प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए घरेलू एलपीजी की पर्याप्त और समान आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है.

पेट्रोल, डीजल और घरेलू LPG की सप्लाई सामान्य

तेल कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि देश में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की आपूर्ति फिलहाल सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. गैस की निरंतर सप्लाई बनाए रखने के लिए व्यवस्था भी जारी है. हालांकि, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्थायी बाधा आई है. 

अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में स्कूलों और अस्पतालों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अन्य क्षेत्रों को भी जल्द आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तेल कंपनियां लगातार प्रयास कर रही हैं.

Advertisement

जिलों को सख्त निर्देश

राज्य सरकार ने सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को निर्देश दिए हैं कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे. साथ ही गैस सिलेंडरों की चोरी या ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है.

सरकार ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या जमाखोरी से बचें. सरकार ने आश्वस्त किया है कि राज्य में आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारु और निर्बाध बनी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement