हरियाणा के फरीदाबाद में सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. घटना सेक्टर-19 स्थित ओल्ड चौक के पास की बताई जा रही है.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि सेक्टर-19 पुलिस चौकी में तैनात एएसआई सुधीर को एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें एक व्यक्ति काले रंग की SUV से उतरकर सड़क किनारे सार्वजनिक रूप से पेशाब करता दिखाई दे रहा है. इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा.
वीडियो की पुष्टि के बाद पुलिस ने घटनास्थल की पहचान सेक्टर-19 के ओल्ड चौक क्षेत्र के रूप में की. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतें सार्वजनिक मर्यादा और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन हैं और इससे आम लोगों को परेशानी होती है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रही SUV का नंबर ट्रेस कर लिया गया है. वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसे जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा.
पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों की गरिमा बनाए रखें और स्वच्छता नियमों का पालन करें.