अहमदाबाद के बहेरामपुरा इलाके में रहने वाले 19 वर्षीय हिमलेश परमार की शनिवार रात चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. इस मामले में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने चंद घंटों के भीतर ही नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया है कि हिमलेश ने अपने घर के आंगन के पास बैठकर ऊंची आवाज में बातचीत करने से कुछ युवकों को रोका था, जिसके चलते आरोपियों ने बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची. घटना कागड़ापीठ थाना क्षेत्र के हीरालक्ष्मी फ्लैट के सामने की है, जहां हिमलेश पर हमला किया गया.
कागड़ापीठ पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर के अनुसार, हिमलेश अपने टू-व्हीलर से सड़क से गुजर रहा था, तभी उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल हिमलेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में परिवार ने किसी पर शक नहीं जताया था, लेकिन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी.
यह भी पढ़ें: सरपंच चुनाव जीतने के लिए चोरी, 200 CCTV खंगालकर 38 लाख का माल बरामद, राजस्थान से अहमदाबाद बाइक पर आते थे चोर
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, बहस के बाद किया हमला
हत्या की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो पुलिस जांच में अहम सबूत साबित हुई. फुटेज में दिखाई देता है कि हिमलेश अपने टू-व्हीलर पर सड़क पर मौजूद है, तभी दो युवक उसके पास आते हैं. दोनों के बीच बातचीत और बहस होती है, जिसके बाद एक आरोपी धारदार हथियार से हिमलेश पर लगातार वार करता है. हमले में घायल हिमलेश टू-व्हीलर से गिर जाता है और आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं. सीसीटीवी में आरोपियों के हाथ में धारदार हथियार साफ दिखाई देता है.
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के डीसीपी अजीत राजीयान ने बताया कि हत्या की सूचना मिलने के बाद ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई की गई. जांच में सामने आया कि हत्या 17 वर्षीय नाबालिग ने की, जबकि 19 वर्षीय गौतम उर्फ इंडो रामुभाई सोलंकी ने उसकी मदद की थी. पुलिस ने हत्या में सहयोग करने के आरोप में गौतम सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है.
देखें वीडियो...
बदला लेने के लिए बनाई गई थी हत्या की साजिश
डीसीपी अजीत राजीयान के अनुसार, जांच में पता चला है कि हिमलेश की हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई थी. मृतक ने कई बार आरोपियों को अपने घर के आंगन के पास बैठने और ऊंची आवाज में बातचीत करने से मना किया था. इसी बात से नाराज होकर नाबालिग आरोपी ने गौतम सोलंकी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया.
हत्या को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने सुरेंद्रनगर जिले के चोटिला जाकर एक डिजाइनर चाकू खरीदा था. पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखकर ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से उन्हें गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और उन्हें आगे की जांच के लिए कागड़ापीठ पुलिस स्टेशन को सौंपा गया है.
हत्या में इस्तेमाल चाकू की तलाश जारी, पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
क्राइम ब्रांच के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू अभी बरामद नहीं हुआ है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की रिकवरी और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.