उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में फायरिंग की घटना में 35 साल के मोहम्मद उमर दीन नाम के व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
एजेंसी के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को थाना नंद नगरी में फायरिंग की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल बी-1 सरकारी स्कूल के पास नंद नगरी में पुलिस को पता चला कि घायल व्यक्ति को उसके परिजन पहले ही अस्पताल ले जा चुके हैं.
घायल की पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद उमर दीन के रूप में हुई. परिजन उसे तत्काल गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों का कहना था कि उमर दीन को अस्पताल लाए जाने से पहले ही मौत हो चुकी थी.
यह भी पढ़ें: MP: शिवपुरी में वकील की गोली मारकर हत्या, विरोध में उतरा अधिवक्ता समुदाय... कार्य का भी बहिष्कार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कहा कि घटनास्थल का निरीक्षण फोरेंसिक टीम द्वारा किया गया और मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
घटना आपसी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या किसी अन्य कारण से हुई, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े किसी प्रत्यक्षदर्शी की जानकारी मिल सके.