scorecardresearch
 

दिल्ली में भीषण गर्मी! हीटवेव से राहत के आसार नहीं, IMD का 6 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट

फिलहाल दिल्लीवालों को गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं, क्योंकि अगले कई दिनों तक पारा 45 डिग्री तक रह सकता है और हीटवेव का असर और तेज होने की आशंका है.

Advertisement
X
हीटवेव का अलर्ट 28 मई तक (PTI Photo)
हीटवेव का अलर्ट 28 मई तक (PTI Photo)

दिल्ली में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है और लोगों को फिलहाल राहत मिलने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी के लिए अगले 6 दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें हीटवेव की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली और आसपास के इलाकों में तापमान लगातार सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हालात और भी ज्यादा मुश्किल हो रहे हैं. हालांकि शुक्रवार को मौसम विभाग ने शहर में औपचारिक रूप से हीटवेव दर्ज नहीं की, लेकिन दिल्ली के कई हिस्सों में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा.

सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री से ऊपर रहा, जिससे रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में राजस्थान की ओर से आने वाली बेहद गर्म और शुष्क हवाओं ने तापमान में तेज बढ़ोतरी की थी. अब हवा की दिशा में थोड़ा बदलाव हुआ है, जिससे हल्की राहत जरूर मिली है, लेकिन यह राहत स्थायी नहीं है.

Advertisement

स्काईमेट के विशेषज्ञों के अनुसार, क्षेत्र में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन इसका असर तापमान पर बहुत सीमित रहेगा. दिन के तापमान में कोई बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है. वहीं, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान फिर से बढ़ सकता है और पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. ऐसे में हीटवेव की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. यह गर्मी का दौर मई के अंत तक जारी रहने की आशंका है.

हालांकि जून की शुरुआत में प्री-मॉनसून गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे कुछ हद तक राहत मिल सकती है, लेकिन तब तक लोगों को तेज गर्मी और लू से सतर्क रहने की सलाह दी गई है. दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में भी तेज गर्मी दर्ज की गई. पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि आने वाले कई दिनों तक हालात चुनौतीपूर्ण बने रह सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement