scorecardresearch
 

भ्रष्टाचार की हद: बुकिंग कराई सगाई की, पर्ची काटी तेरहवीं की

तेरहवीं जैसे शोक कार्यक्रम के लिए कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग सिर्फ 10 रुपये की रसीद काटकर की जाती है. वहीं खुशी के मौकों के लिए कम्युनिटी हॉल का शुल्क बहुत ज्यादा है. ये इसी से पता चलता है कि जिस शख्स की 18 नवंबर को सगाई थी, उसने बुकिंग करने वाली महिला कर्मचारी को 5000 रुपये का ड्राफ्ट और 12,500 रुपये नकद जमा कराए.

Advertisement
X
कम्युनिटी सेंटर
कम्युनिटी सेंटर

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में भ्रष्ट सरकारी कर्मचारी किस तरह अपनी मुट्ठी गर्म करते हैं इसका चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) के तहत आने वाले शकरपूर स्थित स्कूल ब्लॉक के कम्युनिटी हॉल को किसी शख्स की सगाई के लिए बुक किया गया था. लेकिन कागजात में बुकिंग उस शख्स की तेरहवीं के लिए दिखाई गई.

दरअसल, तेरहवीं जैसे शोक कार्यक्रम के लिए कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग सिर्फ 10 रुपये की रसीद काटकर की जाती है. वहीं खुशी के मौकों के लिए कम्युनिटी हॉल का शुल्क बहुत ज्यादा है. ये इसी से पता चलता है कि जिस शख्स की 18 नवंबर को सगाई थी, उसने बुकिंग करने वाली महिला कर्मचारी को 5000 रुपये का ड्राफ्ट और 12,500 रुपये नकद जमा कराए. हैरानी की बात है कि सगाई के कार्यक्रम को तेरहवीं में दिखाकर 10 रुपये की रसीद काटी गई और बाकी सारी रकम अपनी जेब के हवाले कर ली.

Advertisement

राजेंद्र नाम के शख्स जिस की सगाई थी उसने महिला कर्मचारी से रसीद देने के लिए कहा तो उसने कहा कि सब कुछ ऑनलाइन होता है. राजेंद्र ने बाद में इंटरनेट से रसीद निकाली तो वो ये देखकर दंग रह गए कि उसमें राजेंद्र की तेरहवीं के लिए बुकिंग दिखाई गई थी.

इस पूरे गड़बड़झाले की जानकारी निगम के अधिकारियों को दिलाई गई तो वे पैसे वापस कराने की बात कहकर पल्ला झाड़ने लगे. मामले ने तूल पकड़ा तो घटना की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात की जाने लगी. पार्षद और स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य सत्यपाल सिंह ने अधिकारी की मिलीभगत से चल रहे भ्रष्टाचार के इस प्रकरण को बहुत दुखद बताया. वहीं स्टैंडिंग कमेटी के प्रधान प्रवेश शर्मा ने जांच का आदेश देते हुए कहा कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई की जाएगी और जो भी दोषी होगा उसे एक-दो दिन में ही सस्पेंड कर दिया जाएगा.

Advertisement
Advertisement