देश भर मे हर साल कई ऐसे मामले सामने आते हैं, जहां प्रशासनिक लापरवाही के चलते लोगों की जान चली जाती है. हर साल सड़क पर गड्ढे और सीवर खुले होने से काफी संख्या में लोगों की जान जाती है. राजधानी दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी में भी शुक्रवार 2 अगस्त को ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां सीवर का ढक्कन खुला होने से उसके अंदर 8 वर्षीय बच्चा गिर गया.
यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चे के परिजन उसके स्कूल छोड़ने गए थे. स्कूल के बाहर जब लड़का कार से बाहर निकला, तो उसने अनजाने में अपना पैर एकक कार्डबोर्ड शीट पर रख दिया, जिसके नीचे मैनहोल था. वजन पड़ते ही कार्डबोर्ड टूट गया और बच्चा मैनहोल में गिर गया. तो बच्चे की मां ने जोर से चिल्लाते हुए मदद की गुहार लगाई. इसके बाद आसपास खड़े लोग और बच्चे के माता-पिता तुरंत हरकत में आए और उसको सीवर से बचाने में कामयाब रहे. लड़के को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया.
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमे बच्चे के परिजन लापरवाही का आरोप लगाते हुए नजर आए हैं.
बच्चे के पिता ने उठाए सवाल
बच्चे के पिता ने कहा, मैं और मेरी पत्नी अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने गए थे. स्कूल के पास के मैनहोल कार्डबोर्ड के गत्ते से ढका हुआ था. बच्चे ने जैसे ही उस पर पैर रखा तो नीचे गिर गया, लेकिन मेरी पत्नी ने बच्चे के हाथ पकड़ लिया. और हमने स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बाहर निकाला. कल बारिश नहीं थी अगर बारिश होती तो क्या होता.
उन्होंने सिविक एजेंसियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एनडीएमसी और एमसीडी की लड़ाई में मेरा बच्चा क्यों फंसे. अगर कोई बुजुर्ग व्यक्ति या महिला मैनहोल में गिर गई होती तो क्या होता?.
क्या बोली पुलिस
दिल्ली पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि डिफेंस कॉलोनी थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि एक बच्चा सीवर में गिर गया है. सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां कॉल करने वाली महिला ने बताया कि जब वह अपने बच्चों को स्कूल ले जा रही थी तो वह डी-140 के बाहर पहुंचे, जहां सीवर का मैनहोल प्लाईबोर्ड से ढका हुआ था. जिस पर 8 वर्षीय बच्चे ने पैर रख दिया. प्लाई बोर्ड टूट गया जिससे वह सीवर में गिर गया लोगों की मदद से बच्चे को तुरंत बचा लिया गया. पुलिस ने कहा कि बच्चे के अभिभावकों की तरफ से अभी तक उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है.