भारत और बांग्लादेश के बीच बेहतर होते रिश्तों के बीच दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा सुविधा दोबारा शुरू कर दी है. दिसंबर के आखिरी हफ्ते में दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव की वजह से वीजा सेवाओं को पूरी तरह बंद कर दिया गया था. अब नई सरकार के गठन के बाद रिश्तों में सुधार की उम्मीद जताते हुए हाई कमीशन ने आज से सभी श्रेणियों के वीजा के लिए काउंसलर सर्विस खोल दी है.
सूत्रों के मुताबिक, अब बांग्लादेश जाने की ख्वाहिश रखने वाले हर भारतीय नागरिक को दिल्ली दूतावास से हर तरह की वीजा सुविधाएं मिल सकेंगी.
इस कदम को दोनों देशों के बीच सामान्य होते संबंधों और कूटनीतिक स्थिरता की दिशा में एक बड़े और अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है.
तनाव के बाद सेवाओं की बहाली
दिसंबर के आखिरी हफ्ते से ही भारत और बांग्लादेश के बीच वीजा सुविधाएं ठप पड़ी थीं. तनावपूर्ण स्थितियों के चलते दूतावास की काउंसलर सेवाओं को रोक दिया गया था, जिससे यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ा था.
हालांकि, आज से शुरू हुई इस सेवा ने यह संकेत दिया है कि दोनों पड़ोसी देश पुरानी कड़वाहट को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा और भारत को लेकर क्या बोले तारिक रहमान के इकलौते हिंदू मंत्री
हर कैटेगरी के लिए मिलेगी काउंसलर सर्विस
दिल्ली में बांग्लादेश दूतावास ने कहा है कि यह सुविधा किसी एक विशेष वर्ग के लिए नहीं, बल्कि सभी श्रेणियों के वीजा के लिए है. चाहे वह टूरिस्ट वीजा हो, बिजनेस हो या मेडिकल, भारतीय नागरिक अब काउंसलर सर्विस का लाभ ले सकते हैं. नई सरकार के गठन के बाद यह पहली बड़ी कूटनीतिक गतिविधि है, जो द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देगी.