scorecardresearch
 

कुर्सी छूने के विवाद में गई 17 साल के छात्र की जान, 6 दिन बाद अस्पताल में मौत, फायरिंग केस में दो गिरफ्तार

दिल्ली के अमर कॉलोनी फायरिंग मामले में 17 वर्षीय छात्र साई कुमार की छह दिन बाद मौत हो गई. 27 मई को एक रेस्टोरेंट में हुए विवाद के बाद उसे गोली मार दी गई थी. छात्र के दिमाग में गोली फंसी हुई थी और वह वेंटिलेटर पर था. पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले में हत्या की धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है.

Advertisement
X
अमर कॉलोनी फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार. (Photo: Representational)
अमर कॉलोनी फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार. (Photo: Representational)

दिल्ली के अमर कॉलोनी फायरिंग मामले में घायल 17 वर्षीय छात्र साई कुमार ने आखिरकार जिंदगी की जंग हार गया. 27 मई को हुई गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए साई की सोमवार को अस्पताल में मौत हो गई. घटना के बाद से वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर था और उसकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी. पुलिस के अनुसार, साई कुमार की मौत सोमवार सुबह करीब 11:45 बजे हुई. डॉक्टरों ने पहले ही परिवार को बता दिया था कि गोली उसके दिमाग में फंसी हुई है और उसकी स्थिति बेहद नाजुक है. पिछले छह दिनों से वह कोमा जैसी स्थिति में अस्पताल में भर्ती था.

यह घटना 27 मई की शाम दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में स्थित एक खाने-पीने की दुकान पर हुई थी. साई कुमार अपनी 12वीं कक्षा की परीक्षा देने के बाद अपनी दोस्त साथ वहां गया था. इसी दौरान कुछ लड़कों के साथ उसका विवाद हो गया. परिवार का आरोप है कि तीन लड़कों ने उसके साथ मौजूद लड़की पर टिप्पणी की थी. जब साई ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. बताया गया कि आरोपी वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद हथियार लेकर लौटे. इसके बाद उन्होंने साई के साथ मारपीट की और उसके सिर के पास गोली मार दी.

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि विवाद की शुरुआत कुर्सी छूने या कुर्सी से टकराने की वजह से हुई हो सकती है. हालांकि जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं. घटना के बाद शाम करीब 7:50 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी. साई को उसके दोस्त तुरंत अस्पताल लेकर गए थे, जहां उसका इलाज शुरू हुआ. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.

Advertisement

 17 साल के छात्र ने 6 दिन बाद तोड़ा दम

मामले की जांच अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है. पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी के रूप में 16 वर्षीय नाबालिग लड़के को ओखला इलाके से पकड़ा था. उसके पास से एक ऑटोमैटिक पिस्तौल भी बरामद की गई थी. अब इस मामले में एक और आरोपी जय कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, अब तक एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है और दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. घटना में शामिल अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वारदात में कुल पांच लड़के शामिल थे. जांच के दौरान दो अन्य आरोपियों की पहचान भी की गई है, जिनकी उम्र 17 और 18 वर्ष बताई जा रही है. दोनों ओखला के रहने वाले हैं और उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार नाबालिग एक प्रॉपर्टी कारोबारी का बेटा है. उस पर पिछले साल कालकाजी इलाके में हुई एक अन्य फायरिंग घटना में शामिल होने का भी संदेह है. जांच में यह भी सामने आया है कि वह खुद को एक नेता का रिश्तेदार बताकर अमर कॉलोनी इलाके में घूमता था. दो महीने पहले उसके खिलाफ एक नेता का नाम गलत तरीके से इस्तेमाल करने की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी. साई कुमार अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. उसके पिता दक्षिण दिल्ली के चित्तरंजन पार्क इलाके में लॉन्ड्री की दुकान चलाते हैं, जबकि उसके दादा की एक अन्य दुकान साउथ एक्सटेंशन में है.

Advertisement

फायरिंग मामले में पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया

अपने बेटे की मौत के बाद साई के पिता सुनील कुमार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने सिर्फ गलत व्यवहार का विरोध किया था और उसे इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. उन्होंने कहा कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए. साई की मौत के बाद अब पुलिस इस मामले में हत्या से जुड़ी धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है. वहीं क्राइम ब्रांच पूरे घटनाक्रम और सभी आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement