scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: बंगाल में बीजेपी को वोट देने पर हिंदू शख्स को मुस्लिमों ने पीटा? नहीं, ये है असलियत 

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोग एक शख्स को पीट रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि बंगाल में बीजेपी को वोट देने पर टीएमसी समर्थकों ने हिंदू युवक को पीटा. यह वीडियो बांग्लादेश का है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो पश्चिम बंगाल का है जहां बीजेपी को वोट देने पर कुछ मुस्लिमों ने एक हिंदू को पीट दिया
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये वीडियो बांग्लादेश का है. भारत से इसका कोई लेना-देना नहीं है.

पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद कुछ जगहों पर हिंसा की घटनाएं सामने आईं थीं. 6 मई की रात को बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई जिसके बाद से तनाव की स्थिति बनी हुई है.

इस बीच सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल का बताकर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. इसमें कुछ मुस्लिम लोग एक आदमी को घेरकर पीटते हुए नजर आ रहे हैं. ये लोग उस शख्स को कई बार थप्पड़ भी मारते हैं. इसे शेयर करने वालों का कहना है कि मुस्लिम समुदाय के ये लोग इस शख्स को सिर्फ इसलिए पीट रहे थे क्योंकि उसने बंगाल में बीजेपी को वोट दिया था.

कुछ तो पीटने वाले लोगों को टीएमसी के कार्यकर्ता बताकर लिख रहे हैं कि ये लोग बंगाल में मिली हार पचा नहीं पा रहे हैं और बदले की भावना से हिंदुओं पर हमला कर रहे हैं. ऐसे ही एक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

Islami Andolan

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो बांग्लादेश का है. भारत से इसका कोई लेना-देना नहीं है.

Advertisement

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो में युवक को पीटने वाले लोगों ने एक खास तरह की टी-शर्ट पहनी हुई है. इस पर ‘हाथ के पंखे’ का एक निशान भी नजर आता है. दरअसल, ये बांग्लादेश की एक राजनीतिक पार्टी - "इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश" - का चुनाव चिह्न है. साफ है कि ये वीडियो भारत का नहीं हो सकता. 

Islami Andolan Bangladesh

पार्टी के चुनाव चिह्न के अलावा टी-शर्ट पर मे-डे यानि मजदूर दिवस से जुड़ी जानकारी दी गई है. टी-शर्ट पर हाथ मिलाने का एक लोगो भी नजर आता है. अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस हर साल 1 मई को मनाया जाता है. इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश पार्टी ने इस साल मजदूर दिवस के दिन एक बड़ी रैली आयोजित की थी.

West Bengal Post Poll Violence

इस रैली में हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने पार्टी के चुनाव चिह्न वाली वही टी-शर्ट पहन रखी है. इसके अलावा मंच के बैनर पर भी हाथ मिलाने वाला लोगो देखा जा सकता है जो वायरल वीडियो में भी नजर आ रहा है.

वायरल वीडियो में बांग्ला में एक दुकान का नाम - "सरकार एंटरप्राइसेज" - भी नजर आता है. ये दुकान बांग्लादेश के Bogura में स्थित है. इसी दुकान पर जमुना गैस सिलेंडर का एक बैनर भी दिखाई देता है. ये बांग्लादेश की एक गैस एजेंसी है.

Advertisement

Fake News

हमारी बात सरकार एंटरप्राइसेज नाम की इस दुकान के मालिक से हुई. उन्होंने बताया कि ये वीडियो इसी जगह का है. हालांकि उन्होंने कहा कि इस घटना के बारे में उन्हें नहीं पता. उन्होंने बताया कि ये घटना मजदूर दिवस के दिन की हो सकती है, लेकिन इस दिन उनकी और आसपास की बाकी दुकानें बंद थीं, इसलिए वो इसके बारे में कुछ नहीं कह सकते. उन्होंने बताया कि इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश पार्टी का ऑफिस भी इसी बिल्डिंग में है जहां कभी-कभी पार्टी के लोग आते-जाते हैं.

( इनपुट: सूरज उद्दीन मंडल )

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement