एक्टर्स कुलदीप गौर और धरती भट्ट ने टीवी के मोस्ट-पॉपुलर शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में एंट्री ली है. वो शो में रतन और रूपा के किरदार निभाते हैं. इनकी साड़ी की दुकान है. उन्होंने शो के अपने एक्सपीरियंस पर बात की और तारक मेहता... से जुड़े कई बड़े इशूज पर भी अपनी राय दी. शो के कपल ने बताया कि दया भाभी की वापसी कब होगी, पोपटलाल की शादी कब होगी.
तारक मेहता शो में सोड़ा-इलैक्ट्रॉनिक्स के साथ खुली साड़ी की दुकान
धरती-कुलदीप ने शो के माहौल के बारे में बात करते हुए कहा कि सेट पर किसी तरह की कोई कॉम्पीटीशन नहीं है. जैसे अब्दुल की सोडा शॉप, जेठालाल की इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान, सोढ़ी का गैराज और तूफान एक्सप्रेस ऑफिस है- वैसे ही अब उनकी साड़ी की दुकान के लिए भी एक नई जगह बनाई गई है.
दोनों ने TOI से बातचीत में बताया कि असित मोदी हमेशा शो में कुछ नया लाने की कोशिश करते हैं. वो अलग-अलग संस्कृति और परंपराओं को जोड़ते हैं ताकि शो दिलचस्प बना रहे. वो हर स्क्रिप्ट पर बहुत मेहनत करते हैं और हर छोटी-बड़ी चीज पर ध्यान देते हैं. भले ही उनके किरदार की एंट्री शो में अब हुई है लेकिन इसकी तैयारी एक साल पहले से चल रही थी. वो पूरी रिसर्च के साथ इसकी शूटिंग भी पहले से ही कर चुके हैं.
कब होगी पोपटलाल की शादी-कब आएंगी दयाबेन
शो की शुरुआत में ही पोपटलाल की शादी बड़ा मुद्दा रही है. जो कि अब तक नहीं हो पाई, इस बडे़ सवाल पर बात करते हुए कुलदीप ने कहा कि वो उनकी मदद के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं और चाहते हैं कि उन्हें सही जीवनसाथी मिले. रूपा भी इसमें काफी मेहनत कर रही हैं. धरती ने मजाक में कहा कि अगर किसी को पोपटलाल के लिए अच्छी लड़की पता हो तो उन्हें मैसेज करें. उन्होंने ये भी बताया कि उन्होंने पहले से ही पोपटलाल की होने वाली पत्नी के लिए साड़ियां भी चुन ली हैं.
शो के अनुभव के बारे में उन्होंने कहा कि पहले दिन से ही माहौल बहुत अच्छा था. सभी कलाकार, टेक्नीशियन और डायरेक्टर बहुत सहयोगी थे, जिससे उन्हें ऐसा लगा जैसे वो सालों से साथ काम कर रहे हों. असित मोदी ने भी उन्हें बिना झिझक और खुशी के साथ काम करने की सलाह दी.
आखिर में उन्होंने दया भाभी को लेकर कहा कि वो हमेशा जेठालाल से पूछते रहते हैं कि वो कब वापस आएंगी. उन्होंने मजाक में कहा कि जब भी दया भाभी वापस आएंगी, उन्हें उनकी तरफ से फ्री कचौड़ी और साड़ियां मिलेंगी.