शक्तिमान शो फेम वैष्णवी मैकडोनाल्ड ने दिल से दिल तक सीरियल में दिवंगत एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला की मां का किरदार निभाया था. उन्होंने उनके बारे में चौंकाने वाले दावे किए हैं. ऑन-स्क्रीन मां का कहना है कि सिद्धार्थ सेट पर अपनी को-एक्ट्रेसेज रश्मि देसाई और जैस्मिन भसीन के साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते थे.
रश्मि संग भद्दे व्यवहार का दावा
वैष्णवी ने सिद्धार्थ कन्नन से बातचीत में सेट पर कलाकारों के व्यवहार को लेकर कई खुलासे किए. जब उनसे पूछा गया कि क्या उनका सिद्धार्थ शुक्ला के साथ मजबूत रिश्ता था, तो उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं था. हालांकि, शूटिंग के पहले दिन सिद्धार्थ उनसे मिले थे. वो क्यूरियस और समझदार लगे थे.
लेकिन आगे वैष्णवी ने कहा- सच कहूं तो बिग बॉस में उनकी जो छवि दिखाई गई, वो असल में वैसी नहीं थी. उन्हें बहुत अच्छे और स्वीट लड़के की तरह दिखाया गया. शहनाज गिल के साथ उनकी क्यूट लव स्टोरी दिखाई गई, जिससे कहानी का रुख बदल गया. बीच में रश्मि को लेकर भी बातें हो रही थीं और फिर जैस्मिन की एंट्री हुई.
वैष्णवी ने आगे कहा- जब वो रश्मि के बारे में बोलते थे और जो कुछ भी हो रहा था, वो मुझे परेशान करता था. मैं ये नहीं कहती कि रश्मि बहुत परफेक्ट इंसान हैं, लेकिन वो सेट पर काम करने के लिए अच्छी थीं. हम सब साथ में खाना खाते थे. मैंने कभी उन्हें सेट पर गलत व्यवहार करते नहीं देखा. वो अपनी मांगें अलग तरीके से रखती थीं, लेकिन गंदी भाषा का इस्तेमाल नहीं करती थीं. लेकिन सिद्धार्थ बहुत भद्दे शब्दों का इस्तेमाल करते थे. बिग बॉस में जो दिखाया गया, वो बिल्कुल उल्टा था.
'गलत थे सिद्धार्थ, पेश रश्मि को किया गया'
वैष्णवी ने ये भी कहा- मुझे ठीक-ठीक याद नहीं, लेकिन उस समय कुछ ऐसा माहौल बनाया जा रहा था कि रश्मि को गलत तरीके से पेश किया जा रहा था. जैसे वही समस्या पैदा करती हों. सिद्धार्थ सेट पर महिलाओं के लिए सम्मानजनक नहीं थे. वो रश्मि और जैस्मिन दोनों के साथ कभी दोस्त बनते, कभी किसी एक के साथ मिलकर दूसरी को टारगेट करते. सेट पर रैगिंग होती थी और गंदी भाषा का इस्तेमाल होता था.
उन्होंने कहा कि ये सब बातें सबके सामने होती थीं. जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने रोका क्यों नहीं, तो वैष्णवी ने कहा कि उन्हें ये अजीब लगता था. उन्होंने एक घटना याद करते हुए बताया कि एक बार उनका शॉट तैयार था, लेकिन सिद्धार्थ गुस्से में उन्हें देख रहे थे. उन्होंने कहा कि शायद रश्मि और जैस्मिन उनके व्यवहार को मजाक में लेती थीं, इसलिए उन्होंने कुछ नहीं कहा. अगर वो आवाज उठातीं तो वो उनका साथ देतीं. उन्होंने ये भी कहा कि उन्होंने खुद इस व्यवहार को नजरअंदाज किया ताकि प्रोड्यूसर को नुकसान न हो.
वैष्णवी ने ये भी बताया कि एक समय ऐसा भी आया था जब सिद्धार्थ को सेट से बाहर जाने को कहा गया था, लेकिन बाद में चैनल की मांग पर उन्हें वापस बुला लिया गया.