ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रही जंग का असर अब भारत पर भी पड़ने लगा है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होने वाली सप्लाई बाधित होने के कारण भारत में भी गैस को लेकर हड़कंप मचा हुआ है. एलपीजी की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल रहा है. एलपीजी सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है. अब एक्टर और टीवी पर्सनैलिटी राजीव अदातिया ने एलपीजी गैस को लेकर एक शॉकिंग पोस्ट शेयर की है.
एलपीजी गैस सिलेंडर बेचेंगे राजीव?
राजीव ने एलपीजी की बढ़ती कीमतों पर रिएक्ट किया है. एक्टर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब गैस टैंक बैचकर बॉलीवुड में काम करने से ज्यादा पैसा कमाए जा सकते हैं. राजीव की पोस्ट देखकर लग रहा है कि उन्होंने गैस सिलेंडर बेचकर कमाई करने की पूरी प्लानिंग कर ली है.
राजीव ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी एक फोटो शेयर की है. तस्वीर में वो सड़क किनारे कई सारे गैस सिलेंडर संग पोज देते नजर आ रहे हैं. तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- मैंने फैसला कर लिया है कि इस समय बॉलीवुड की तुलना में गैस बेचने में ज्यादा पैसा है. एक गैस टैंक का 10 लाख रुपये. ये उससे ज्यादा है जो मुझे हर दिन मिलता है.
राजीव अदातिया की पोस्ट पर कई सेलेब्स भी रिएक्ट कर रहे हैं. अली गोनी, जरीन खान ने लाफ्टर इमोजी बनाई है. कई फैंस को भी राजीव की पोस्ट काफी मजेदार लग रही है.
राजीव अदातिया की बात करें तो उन्हें सलमान खान के शो बिग बॉस से पॉपुलैरिटी मिली. राजीव फेमस मॉडल भी रह चुके हैं. उन्होंने 18 साल की उम्र में मॉडलिंग करियर की शुरुआत की थी. राजीव फिर लंदन चले गए थे. लंदन में मैनेजमेंट कंपनी चलाने के बाद राजीव ने टीवी वर्ल्ड का रुख किया. वो बिग बॉस 15 के अलावा, मास्टर शेफ और खतरों के खिलाड़ी जैसे शोज में नजर आ चुके हैं.