रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण 14 नवंबर को सात फेरे लेंगे. इस बात का खुलासा दीपिका और रणवीर ने सोशल मीडिया पर शादी का कार्ड शेयर करने के साथ कर दिया है. लेकिन अब तक यह राज नहीं खुला है कि दोनों की शादी कहां होगी. वैसे लंबे वक्त से कयास लगाए जा रहे हैं कि शादी इटली में होगी.
पिछले दिनों फिल्मफेयर की रिपोर्ट के मुताबिक ये शादी इटली में होगी. रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा है कि - रणवीर और दीपिका की शादी से जुड़ी तैयारियां शुरू हो गई हैं. इस ड्रीम वेडिंग में सिर्फ 30 मेहमान बुलाए जाएंगे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों ने शादी के लिए इटली में 'लेक कोमो' का वेन्यू फाइनल किया है.
दीपिका-रणवीर से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने पिछले साल इटली के टस्कनी में सीक्रेट वेडिंग की थी. एक रिपोर्ट में दीपिका के करीबी ने बताया, "दीपिका को इटली बहुत पसंद है, इस वजह से एक्ट्रेस ने यहां डेस्टिनेशन वेडिंग प्लान की है."
कहा जा रहा है कि भारतीय मेहमानों की शादी के बाद मुंबई में जश्न मनाया जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक इटली में शादी के बाद मुंबई में ग्रैंड रिसेप्शन रखा जाएगा.
खबरों की मानें तो ये कपल 2013 से एक-दूसरे को डेट कर रहा है. "दीपवीर" के नाम से फैंस के बीच मशहूर कपल ने साथ में कई फिल्में की हैं. जिनमें गोलियों की रासलीला: रामलीला, बाजीराव मस्तानी और पद्मावत शामिल हैं.
इंडिया टुडे को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में रणवीर ने शादी के बारे में कहा था, "इन सब के बारे में मैं सोचता हूं. मैं जिंदगी और काम के बीच संतुलन रखने की कोशिश करता हूं. काम के साथ ये सब भी मेरे दिमाग में है."