पिता का जीवन में न होना, चाहे सेलेब हो या आम इंसान हर किसी के लिए बड़ी क्षति है. साउथ एक्ट्रेस पायल भी अपने पिता को याद कर रो पड़ीं. एक इवेंट के दौरान जब वो मेंटल हेल्थ पर बात कर रही थीं तो अपने इमोशन्स पर काबू नहीं पा पाईं. वो न सिर्फ रोईं बल्कि इवेंट छोड़कर भी चली गईं. मंच पर मौजूद पायल के आंसुओं ने रुकने का नाम ही नहीं लिया.
भावनाओं पर काबू नहीं पा पाई एक्ट्रेस
पायल फिल्म फर्स्ट टाइम 01-01-01 को सपोर्ट का प्रमोशन करने पहुंची थीं. बातचीत के दौरान जब उनसे उनकी पर्सनल लाइफ और मानसिक संघर्ष के बारे में पूछा गया, तो वो खुद को संभाल नहीं पाईं. आंखों में आंसू लिए उन्होंने कहा- अगले महीने मेरे पिता को गए एक साल हो जाएगा. वो मेरी जिंदगी के सबसे अहम इंसान थे. उनके बिना रहना मेरे लिए बहुत मुश्किल रहा है. इतना कहते-कहते पायल भावुक हो गईं.
पायल के पिता विमल कुमार राजपूत का निधन 28 जुलाई 2025 को कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद हुआ था. उस समय पायल ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए लिखा था कि उन्होंने अपने पिता को बचाने के लिए हर संभव कोशिश की थी.
इवेंट में पायल ने आगे बताया- पापा के जाने के बाद मैं डिप्रेशन में चली गई थी. मुझे इलाज लेना पड़ा और साथ ही अपनी मां के लिए भी मजबूत बने रहना पड़ा.
मानसिक तनाव झेला, लेनी पड़ी थेरेपी
अपने दुख से बाहर निकलने के लिए उन्होंने विपश्यना मेडिटेशन का सहारा लिया. पायल ने कहा- पापा की बीमारी और उनके जाने के बाद का समय मेरे और मेरे परिवार के लिए बेहद कठिन था. उस भावनात्मक तनाव से निकलने के लिए मैंने विपश्यना चुना. उन्होंने बताया कि इस मेडिटेशन ने उन्हें अपने विचारों और भावनाओं को समझने में काफी मदद की.
अपने पिता को याद करते हुए पायल पूरी तरह टूट गईं. उन्होंने कहा कि उनके पिता उनकी जिंदगी के हीरो थे. पायल ने ये भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आता था कि वो खुद को और अपनी मां को कैसे संभालें. स्टेज पर मौजूद लोगों ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वो लगातार रोती रहीं और आखिर में इवेंट बीच में छोड़कर चली गईं.
पायल राजपूत ने साल 2018 में फिल्म RX 100 से तेलुगु सिनेमा में पहचान बनाई थी. इसके बाद वेंकी मामा और मंगलावारम जैसी फिल्मों में उनके काम को काफी पसंद किया गया. पायल उन एक्ट्रेसेज में गिनी जाती हैं, जो अलग और हटकर किरदार चुनने के लिए जानी जाती हैं.