
भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. पटना पुलिस ने अक्षरा सिंह को फरार घोषित किया है. भोजपुरी एक्ट्रेस के घर के बाहर फरार पोस्टर के इश्तिहार भी चिपकाए गये हैं. आइए समझते हैं कि पूरा मामला है क्या.
क्या है पूरा मामला?
एक बार फिर अक्षरा सिंह का नाम विवादों से जुड़ गया है. खबर है कि पटना में अक्षरा सिंह के घर के बाहर फरारी के पोस्टर लगाये जा रहे हैं. ये मामला आज का नहीं, बल्कि अप्रैल 2021 का है. 2021 अप्रैल में अक्षरा सिंह बाहुबली मुन्ना शुक्ला की डांस पार्टी में शामिल हुई थीं. डांस पार्टी में कई नियमों का उल्लघंन किया गया था. इसके अलावा फायरिंग भी हुई थी.
बाहुबली मुन्ना शुक्ला के यहां हुई डांस पार्टी को लेकर दर्ज की गई FIR में अक्षरा सिंह भी अभियुक्त थीं. FIR दर्ज होने के बाद से वो लगातार फरार थीं. वहीं अब दो महीने पहले मामले में पुलिस ने कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी करवाया था, जिसके बाद अब फरार होने का इश्तेहार निकाला गया है. बताया जा रहा है कि लालगंज थाने की पुलिस ने अक्षरा के पटना के घर पर फरारी का इश्तिहार चिपका दिया है. फरारी के इश्तिहार में अक्षरा के फरार होने का जिक्र है.
अक्षरा सिंह ने किया था डांस
करीब डेढ़ साल पहले बाहुबली मुन्ना शुक्ला की डांस पार्टी में अक्षरा सिंह को उनके साथ डांस करते देखा गया था. अक्षरा सिंह का बाहुबली की डांस पार्टी में उस वक्त जाना महंगा पड़ा, जब उनका नाम FIR में सामने आया. कुछ वक्त पहले अक्षरा सिंह को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई थी. जौनपुर के बदलापुर में चल रहे दो दिवसीय 'बदलापुर महोत्सव' में अक्षरा सिंह पर पत्थर फेंके गये थे.
वकील ने दी सफाई
अक्षरा सिंह के वकील अमरेंद्र कुमार ने कहा है कि उन्हें इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है. अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार ने बताया कि इश्तिहार चिपकाये जाने की जानकारी मुझे सोशल मीडिया में प्रकाशित समाचारों से हो रही है, जिसका पता आज किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि अक्षरा सिंह का भारत के संविधान व कानून में पूरी आस्था है. इसके तहत उन्होंने केस के संदर्भ में एंटी सिपेटरी बेल के लिए आवेदन दाखिल किया हुआ है. उनके इस आवेदन पर 17 नवम्बर को सुनवाई होनी है. उन्होंने बताया कि कानून में एंटी सिपेटरी बेल के लिए आवेदन करने का प्रावधान है, जिसके तहत अक्षरा सिंह ने भी आवेदन दायर किया है.
अमरेंद्र कुमार ने आगे बताया कि अक्षरा सिंह एक पॉपुलर कलाकार है. वो कोई शातिर अपराधी नहीं हैं. वो अपने कला का प्रदर्शन करने आई थी, जिस दौरान हर्ष में फायरिंग हुई. उन्होंने बताया कि अभी हम इसकी जानकारी ले रहे हैं. इसके बाद हम विधि सम्मत आगे की कार्रवाई करेंगे.
कार्यक्रम में इतना हंगामा हुआ कि अक्षरा सिंह का कार्यक्रम भी पूरा नहीं हो पाया था. वहीं अब अक्षरा सिंह को लेकर ये न्यूज शॉकिंग है.