एक्ट्रेस श्रीलीला हाल ही में अपने एक बयान को लेकर विवाद में आ गई हैं. उन्होंने एक इवेंट में कहा कि पीरियड्स कोई बहाना नहीं है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ट्रोल करने लगे. खास बात ये है कि वो एक क्वालिफाइड डॉक्टर भी हैं, इसलिए उनके इस बयान पर और ज्यादा बहस छिड़ गई.
इवेंट में क्या बोलीं श्रीलीला
श्रीलीला ने उस्ताद भगत सिंह फिल्म की सक्सेस पार्टी में अपने करियर की चुनौतियों के बारे में बात करते हुए ये बयान दिया.
उन्होंने कहा- मेरे ज्यादातर गाने लोगों को पसंद आए हैं. मैंने पीरियड्स के दौरान भी शूटिंग की है, इसलिए ये कोई बहाना नहीं है. जब हम बराबरी की बात करते हैं, तो हमें शारीरिक सीमाओं से आगे बढ़ना होगा. मानसिक हो या शारीरिक, ये कोई बहाना नहीं होना चाहिए. उनका ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
क्यों हो रहा विरोध?
वीडियो सामने आते ही कई लोगों ने उनके बयान को संवेदनहीन बताया. लोगों का कहना है कि हर महिला का अनुभव अलग होता है और पीरियड्स का दर्द भी अलग-अलग होता है.
एक यूजर ने लिखा- मेरे पीरियड्स ज्यादा दर्दनाक नहीं होते, लेकिन मेरी कुछ दोस्त इतनी परेशानी में होती हैं कि बिस्तर से उठ भी नहीं पातीं. हर किसी का अनुभव अलग होता है. वहीं एक और यूजर ने कहा- क्या? कई लोगों को बहुत ज्यादा दर्द होता है. मेरी बहन को PCOS है और कभी-कभी वो खड़ी भी नहीं हो पाती. सिर्फ इसलिए कि आप काम कर सकती हैं, इसका मतलब ये नहीं कि सब कर सकते हैं.
श्रीलीला ने हाल ही में MBBS पूरा किया है और अब वो डॉक्टर भी हैं. ऐसे में लोगों का कहना है कि उन्हें इस विषय पर ज्यादा संवेदनशील होना चाहिए था. वर्कफ्रंट पर श्रीलीला जल्द ही कार्तिक आर्यन के साथ तू मेरी जिंदगी है फिल्म में नजर आने वाली हैं.