बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त ने हाल ही में कैंसर जैसी घातक बीमारी को मात दी है और वे घर वापस लौट आए हैं. संजय दत्त की वापसी से उनके परिवार और फैंस के लिए ये दशहरा स्पेशल बन गया है. दत्त की पत्नी मान्यता ने भी एक वीडियो के सहारे संजय दत्त की वापसी पर खुशी जताई है और उन्होंने इस वीडियो के कैप्शन में संजय दत्त की तारीफ करते हुए उन्हें अपना राम बताया है. इस वीडियो में संजय दत्त को आरती करते हुए देखा जा सकता है.
मान्यता ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा- इस दशहरा को मैं एक ऐसे व्यक्ति के लिए समर्पित करना चाहती हूं जो न केवल मेरे लिए बल्कि कई अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा रहे हैं. जीवन ने उन्हें बहुत सी कठिनाइयां दी हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा धैर्य, अनुग्रह और प्रेम के साथ संघर्ष किया है. और जब हमें लगने लगा कि आखिरकार हमारे पास शांति आ गई है तो जीवन ने एक और चुनौती दे दी थी.
मान्यता ने आगे लिखा- आज उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि एक सकारात्मक दिमाग जीत सकता है और मुश्किल परिस्थितियों को लचीलापन और साहस से जीता जा सकता है. वास्तव में संजू जैसा कोई नहीं है. आपने मुझे सिखाया कि जब हालात कठिन हो जाते हैं तो मजबूत इरादों वाला इंसान और मजबूत हो जाता है. तुम मेरी ताकत, मेरा गौरव, मेरे राम हो.
सोशल मीडिया पर कैंसर फ्री होने की जानकारी दी थी दत्त ने
गौरतलब है कि कुछ ही दिनों पहले संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था कि उन्होंने कैंसर पर जीत हासिल कर ली है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था- पिछले कुछ हफ्ते मेरे और मेरे परिवार के लिए काफी मुश्किल रहे हैं. लेकिन जैसा कि कहा जाता है कि ईश्वर सबसे कठिन लड़ाइयां सबसे मजबूत लड़ाकों को देता है. और आज अपने बेटे के बर्थडे पर मैं खुश हूं इस लड़ाई से जीतकर बाहर आने के लिए. रिपोर्ट्स के अनुसार, संजय की आने वाली फिल्मों मसलन केजीएफ 2 और पृथ्वीराज में उनकी बीमारी को देखते हुए एक्शन सीन्स को लेकर पूरी सावधानी बरती जाएगी.