राजपाल यादव बीते कुछ समय से लगातार हेडलाइन्स में बने हुए हैं. जेल से निकलने के बाद वो अपने काम पर फोकस कर रहे हैं. साथ ही एक्टर अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर कई राज भी खोल रहे हैं. अब एक्टर ने बॉलीवुड में अपनी सालों की जर्नी और काम पर बात की है.
राजपाल ने खोले राज
Zoom को दिए एक लेटेस्ट इंटरव्यू में राजपाल यादव ने प्रियदर्शन, डेविड धवन और राम गोपाल वर्मा जैसे फिल्म निर्माताओं के साथ बार-बार काम करने के अपने एक्सपीरियंस पर बात की. दरअसल, राजपाल जेल से रिहा होने के बाद इन दिनों प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बन रही फिल्म 'भूत बंगला' के लिए शूटिंग कर रहे हैं.
फिल्म में काम करने के एक्सपीरियंस पर बात करते हुए राजपाल ने कहा- सभी का शुक्रिया, भूत बंगला के सेट पर प्रियन जी (प्रियदर्शन) से लेकर जितने भी लोग हैं, उन सभी का शुक्रिया.
राजपाल ने खुलासा किया है कि उन्होंने प्रियदर्शन, राम गोपाल वर्मा और डेविड धवन के साथ लगभग 50 फिल्मों में काम किया है. इस बारे में बात करते हुए एक्टर बोले- जिस प्रोडक्शन के साथ एक बार काम किया, उस प्रोडक्शन से दोबारा काम जरूर मिला. जितना थैंक्यू बोलूं कम है कि मेरे लिए कभी भी काम की कमी ईश्वर ने होने नहीं दी. जितना काम हो पाया, उतना काम मैंने भी किया और उतना काम आगे भी आता गया. अब कोशिश करेंगे कुछ और अच्छा कर पाएं.
राजपाल का छलका दर्द
राजपाल यादव ने कहा कि शिकायतकर्ता का इरादा उनकी छवि और उनकी अपकमिंग फिल्म 'भूत बंगला' को खराब करना था. उन्होंने कहा- मेरे पर्सनल सेक्रेटरी मेहुल ने सुना था कि उन्होंने क्या कहा और वो आज क्या कह रहे हैं. इनका 100 प्रतिशत फिल्म को बिगाड़ने का, राजपाल को बर्बाद करने का, राजपाल का सबके सामने करियर खत्म करने का प्लान था.
'अगर मेरा करियर बर्बाद करने का कोई इरादा नहीं होता तो फिर पूरी इंडस्ट्री को लेटर क्यों भेजा जाता? इंडस्ट्री फेडरेशन भी इसकी गवाह है. लेटर में दावा किया गया कि राजपाल ने धोखाधड़ी की है, पैसे नहीं दिए हैं और उन्हें काम नहीं दिया जाना चाहिए. लेकिन असल में इंडस्ट्री ने ही राजपाल को पाला-पोसा है.'
राजपाल यादव की बात करें तो चेक बाउंस केस में फिलहाल वो अंतरिम जमानत पर बाहर आ चुके हैं. हालांकि, उनकी मुश्किल अभी कम नहीं हुई हैं. राजपाल के केस की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी.