
बॉलीवुड और टीवी की जानी मानी एक्ट्रेस मौनी रॉय और उनके बिजनेसमैन पति सूरज नांबियार ने शादी में चल रही खटपट की सभी अफवाहों पर फाइनली जवाब दे दिया है. मौनी और सूरज शादी के 4 साल बाद तलाक लेने वाले हैं, उनकी शादी टूट गई है. कपल ने जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर इसका कंफर्मेशन दिया.
मौनी-सूरज का होगा तलाक
मौनी-सूरज पिछले कुछ दिनों से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते में दरार और तलाक की खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं. इसी बीच अब मौनी रॉय ने एक नया स्टेटमेंट जारी कर इन खबरों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. मौनी और सूरज ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक जॉइंट स्टेटमेंट शेयर किया है.
अपने जॉइंट स्टेटमेंट में कपल ने लिखा- हम दुख के साथ देख रहे हैं कि मीडिया के कुछ लोग हमारी निजी जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल दे रहे हैं. हम यह कहना चाहते हैं कि हमने आपसी समझ के साथ अलग होने का फैसला किया है और इस समय को शांति और निजी तौर पर संभाल रहे हैं.
'हमारी निजी जिंदगी को लेकर कई झूठी और मनगढ़ंत कहानियां फैलाई गई हैं, जो हमारे रिश्ते की सच्चाई नहीं दिखातीं. काफी सोच-विचार और बदलती प्राथमिकताओं के बाद हमने सम्मान और समझदारी के साथ अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला लिया है.'
कपल ने आगे लिखा- फिलहाल हम इस दौर को समझदारी और निजी तरीके से संभालने पर ध्यान दे रहे हैं. हम आगे भी अपनी दोस्ती को बनाए रखने की कोशिश करेंगे. इस समय हमारी प्राइवेसी का सम्मान करने और हमें लगातार सपोर्ट देने के लिए हम सभी का दिल से धन्यवाद करते हैं. — मौनी और सूरज
निगेटिविटी से बचने के लिए कपल ने इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन को बंद रखा है.

2024 से चल रही थी खटपट?
मौनी और सूरज ने साल 2022 में सात फेरे लिए थे. कपल ने एक लंबे समय तक डेट करने के बाद ये फैसला लिया था. मौनी और सूरज के टूटे रिश्ते की चर्चा बीते कुछ दिनों से चल रही थी. जहां कहा जा रहा था कि सूरज ने मौनी को धोखा दिया है. हालांकि, एक्ट्रेस ने इन सभी अटकलों का जवाब न देते हुए बीते दिनों स्टेटमेंट जारी कर प्राइवेसी रखने की अपील की थी.
माना जा रहा है कि मौनी और सूरज ने तलाक का ऐलान करने और इस फैसले तक पहुंचने में काफी सोच-विचार किया. लेकिन लगातार बढ़ती अफवाहों ने उन्हें तलाक का ऐलान करने पर मजबूर कर दिया. मौनी के इंस्टाग्राम को देखें तो 2024 के बाद से वो पति सूरज संग नहीं दिखीं. न ही उन्होंने कोई सोशल मीडिया पोस्ट किया. दो साल तक मौनी अपनी पर्सनल लाइफ को प्राइवेट रखने कामयाब रहीं. हाल ही में एक्ट्रेस को चीट करने के इल्जामों के बाद सूरज ने अपना इंस्टाग्राम भी बंद कर दिया था.