बॉलीवुड में हिट कॉमेडी फिल्मों को फ्रेंचाइजी में बदलने का ट्रेंड भले अब पुराना लगने लगा हो, मगर इसका एक फायदा भी है. कुछ ऐसी फिल्मों को भी सीक्वल मिलने लगे हैं, जिन्हें जनता कल्ट का दर्जा दे चुकी है मगर उन्हें आगे नहीं बढ़ाया गया. ऐसी ही एक फिल्म है प्रियदर्शन की 'मालामाल वीकली'. बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक आइकॉनिक कॉमेडी फिल्में देने वाले डायरेक्टर प्रियदर्शन ने 2006 में 'मालामाल वीकली' बनाई थी, जिसकी कॉमेडी क्लिप्स फैन्स आज भी खोजकर देखते हैं. इसके सीक्वल की डिमांड फैन्स हमेशा से करते रहे हैं और अब ये फाइनली पूरी होने जा रही है.
शुरू हुआ 'मालामाल वीकली 2' पर काम
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि फाइनली 'मालामाल वीकली 2' पर काम शुरू हो चुका है. फिल्म पर काम कर रही टीम को एक बेहतरीन आइडिया मिल गया है जो सीरीज का सेकंड पार्ट बनाने के लिए परफेक्ट है. ये एक डायरेक्ट सीक्वल नहीं होगा. लेकिन पहले पार्ट की ही तरह, इस बार भी कहानी लालची गांव वालों की होगी जो एक बड़ा अमाउंट पाने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं.
'मालामाल वीकली' की खासियत ये थी कि अपने करियर के पीक पर चल रहे प्रियदर्शन ने पहली बार बिना किसी बड़े स्टार चेहरे के फिल्म बनाई थी. इसमें बॉलीवुड के कई बड़े नाम थे जिन्हें शानदार कॉमेडी के लिए जाना जाता है. परेश रावल, ओम पुरी, असरानी, शक्ति कपूर, रितेश देशमुख और राजपाल यादव जैसे बेहतरीन एक्टर्स ने 'मालामाल वीकली' में साथ काम किया था.
फिर लौटेंगे परेश-रितेश?
'मालामाल वीकली' के सीक्वल पर काम शुरू होने के साथ एक रिपोर्ट में एक और बड़ा अपडेट भी है. बताया जा रहा है कि 'मालामाल वीकली 2' के लिए परेश रावल को अप्रोच किया गया है, जिन्होंने अपनी सहमति दी है. हालांकि वो अभी ऑफिशियली फिल्म से नहीं जुड़े हैं. इसके साथ ही राजपाल यादव और रितेश देशमुख से भी 'मालामाल वीकली 2' के लिए बातचीत शुरू हो चुकी है.
20 साल पहले आई 'मालामाल वीकली' बड़ी सरप्राइज हिट साबित हुई थी. इस फिल्म से राजपाल यादव, ओम पुरी और परेश रावल के किरदार बहुत पॉपुलर हुए थे. ये फिल्म आज भी मीम बनाने वालों की फेवरेट फिल्मों में से एक है. हालांकि, 'मालामाल वीकली' के मुख्य कास्ट में से ओम पुरी अब हमारे बीच नहीं हैं. ऑरिजिनल फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन जल्द ही अक्षय कुमार के साथ कॉमेडी-हॉरर फिल्म 'भूत बंगला' लेकर आ रहे हैं. देखना है कि उनका ये कमबैक कैसा रहता है और 'मालामाल वीकली 2' डायरेक्ट करने का मौका उन्हें मिलता है या नहीं.