फिल्म इंडस्ट्री में बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान का अलग ही रुतबा है. इनका नाम उन टैलेंटेड एक्टर्स में शुमार है, जिन्होंने फिल्मी दुनिया में अपने काम के दम पर पहचान बनाई है. बेबो, लाखों-करोड़ों लोगों की इंस्पीरेशन हैं. करीना अच्छी तरह जानती हैं कि उन्हें पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को किस तरह बैलेंस करना है. एक्ट्रेस अपनी फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' की रिलीज का इंतजार कर रही हैं. इस फिल्म में करीना आमिर खान संग स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी. देखा जाए तो करीना के पास कई प्रोजेक्ट्स हैं, जिनपर वह काम कर रही हैं. एक्ट्रेस को एक और नया प्रोजेक्ट मिला है. करीना ने सुजॉय घोष की क्राइम मिस्ट्री फिल्म साइन की है.
करीना ने साइन की सुजॉय की फिल्म
ई-टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सुजॉय घोष एक क्राइम मिस्ट्री फिल्म का निर्देशन करते नजर आएंगे. कहा जा रहा है कि करीना को इस प्रोजेक्ट के लिए सुजॉय ने साइन कर लिया है. यह फिल्म The Devotion of Suspect X की हिंदी रीमेक फिल्म होने वाली है. यह फिल्म उस सिंगल मदर की कहानी है जो अपने एक्स हस्बैंड का गलती से खून कर देती है.
इस क्राइम थ्रिलर फिल्म में जयदीप अहलावत और विजय वर्मा भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे. फिल्म की शूटिंग मार्च के महीने से शुरू हो जाएगी. करीना ने फिल्म में अपने किरदार के लिए अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी हैं.
करीना कपूर खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो 'लाल सिंह चड्ढा' 14 अप्रैल को थिएटर्स में रिलीज होगी. करीना और आमिर तीसरी बार किसी फिल्म में साथ नजर आएंगे. इससे पहले वह 'तलाश' और '3 ईडियट्स' में नजर आ चुके हैं. दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी को फैन्स ने काफी पसंद किया. इसके अलावा बेबो के पास एकता कपूर और हंसल मेहता की भी एक फिल्म है. हालांकि, इस फिल्म के नाम की अभी तक घोषणा नहीं हुई है. करण जौहर की फिल्म 'तख्त' भी पाइपलाइन में है.