इंडियन सिनेमा का इतिहास सिर्फ चमक-धमक और गानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्ट्रगल से भी भरा हुआ है. ताजा मामला तमिल सुपरस्टार विजय की फिल्म 'जन नायगन' (Jana Nayagan) का है, जो इस समय सेंसर बोर्ड की अचड़नों में फंसी हुई है. हालांकि ये पहली बार नहीं है जब कोई फिल्म सेंसर में अटकी हो. इससे पहले भी कई फिल्मों को कानूनी लड़ाई लड़ना पड़ी.
बता दें कि 'आंधी' से लेकर 'ब्लैक फ्राइडे' तक, ऐसी कई फिल्में रही हैं जिन्हें पर्दे तक पहुंचने के लिए लंबी कानूनी लड़ाइयां लड़नी पड़ीं. आइए जानते हैं इन फिल्मों के पीछे के असली विवाद क्या थे.
आंधी (1975)
गुलजार के डायरेक्श में बनी फिल्म 'आंधी' रिलीज होते ही विवादों के घेरे में आ गई थी. उस समय देश में इमरजेंसी का दौर था और फिल्म की मुख्य किरदार 'आरती देवी' का लुक और अंदाज तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से काफी मिलता-जुलता था. फिल्म को रिलीज के कुछ हफ्तों बाद ही बैन कर दिया गया. बाद में सरकार बदलने पर इसे दोबारा रिलीज किया गया, लेकिन तब तक यह फिल्म सेंसरशिप के खिलाफ एक मिसाल बन चुकी थी. इस फिल्म में संजीव कुमार और सुतित्रा सेन लीड रोल में थे.
बैंडिट क्वीन (1994)
शेखर कपूर की यह फिल्म चंबल की मशहूर डकैत फूलन देवी की जिंदगी पर आधारित थी. सेंसर बोर्ड को फिल्म के कुछ रोंगटे खडे़ कर देने वाले सीन्स, विशेष रूप से फूलन देवी के साथ हुए बलात्कार और उनके नग्न अवस्था में गांव घूमने वाले सीन पर कड़ी आपत्ति थी. बोर्ड ने इसे 'अश्लील' करार दिया और रिलीज पर रोक लगा दी. मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा फिर लंबी बहस और कुछ कट के बाद ए-सर्टिफिकेट के साथ इसे रिलीज की अनुमति मिली.
कामसूत्र: ए टेल ऑफ लव (1996)
मीरा नायर की फिल्म 'कामसूत्र' को लेकर सेंसर बोर्ड बहुत सख्त था. बोर्ड का मानना था कि फिल्म में कामुकता और शारीरिक संबंधों को बहुत ज्यादा बारीकी से दिखाया गया है, जो भारतीय संस्कृति के खिलाफ है. भारत में इसे लंबे समय तक बैन रखा गया. हालांकि फिल्म को इंटरनेशनल लेवल पर तारीफ मिली और इसकी सिनेमैटोग्राफी को खूब सराहा गया.
फायर (1996)
दीपा मेहता की फिल्म 'फायर' ने भारतीय समाज में उस विषय को छुआ जिसे तब तक 'टैबू' माना जाता था— समलैंगिकता. शबाना आजमी और नंदिता दास के बीच दिखाए गए प्रेम संबंधों ने सेंसर बोर्ड और राजनीतिक दलों को हिलाकर रख दिया था. हालांकि सेंसर बोर्ड ने इसे पास कर दिया था, लेकिन सिनेमाघरों में भारी तोड़फोड़ के बाद इसे दोबारा सेंसर बोर्ड के पास समीक्षा के लिए भेजा गया था.
ब्लैक फ्राइडे (2005)
अनुराग कश्यप की यह फिल्म 1993 के मुंबई बम धमाकों पर आधारित थी. फिल्म की रिलीज के वक्त धमाकों का मामला कोर्ट में चल रहा था. बचाव पक्ष ने दलील दी कि फिल्म रिलीज होने से गवाह और कोर्ट की कार्यवाही प्रभावित हो सकती है. इस वजह से बॉम्बे हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर दो साल की रोक लगा दी थी. भारत में फिल्म की शुरुआती रिलीज की तारीख 28 जनवरी 2005 थी. लेकिन फिल्म 9 फरवरी 2007 को रिलीज हुई.
वाटर (2005)
दीपा मेहता की इस फिल्म का विषय 'विधवाओं की स्थिति' था. वाराणसी में शूटिंग के दौरान कट्टरपंथी समूहों ने सेट पर हमला कर दिया और सारा सामान तोड़ दिया. उन पर हिंदू धर्म के अपमान का आरोप लगाया गया. विरोध इतना उग्र था कि दीपा मेहता को पूरी फिल्म की शूटिंग भारत के बजाय श्रीलंका में जाकर करनी पड़ी. भारत में इसके प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था.
रंग दे बसंती (2006)
आमिर खान की रंग दे बसंती को भी सेंसर बोर्ड का सामना करना पड़ा. इस फिल्म का निर्देशन राकेश ओम प्रकाश मेहरा ने किया था. सेंसर बोर्ड ने फिल्म में सेना से जुड़े कुछ सीन पर आपत्ति जताई थी, जिसकी वजह से यह अपनी तय रिलीज डेट से देर से रिलीज हुई थी. मामला बॉम्बे हाईकोर्ट तक पहुंचा. फिल्म पर ब्यूरोक्रेट्स और सेना से जुड़े कुछ सीन पर रक्षा मंत्रालय ने भी आपत्ति जताई थी. काफी विवाद के बाद फिल्म 26 जनवरी 2006 को रिलीज हुई थी.