प्राइम वीडियो ने अपनी आने वाली एक्शन फिल्म सुबेदार का जबरदस्त ट्रेलर रिलीज कर दिया है. फिल्म में अनिल कपूर अपने करियर के सबसे दमदार किरदारों में से एक में नजर आ रहे हैं. सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी ये फिल्म 5 मार्च को दुनियाभर में स्ट्रीम होगी. ट्रेलर लॉन्च के दौरान अनिल कपूर ने मीडिया से खुलकर अपनी फिल्म और करियर के बारे में बात की.
कैसे हैं एक्ट्रेसेस संग रिश्ते
ट्रेलर रिलीज के दौरान अनिल कपूर से पूछा गया कि उनका पुरानी हीरोइनों के साथ रिश्ता कैसा है. इसपर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, आजकल कोई हीरोइन मेरे साथ काम करने को रेडी ही नहीं है. सबको तो बस यंग लड़कों के साथ काम करना है. जो सीनियर हैं, वो भी मेरे साथ काम करने को तैयार नहीं हैं. आप लोग ही मेरी रिकमंडेशन कर दो जरा.
अनिल कपूर का मजाकिया अंदाज
बातचीत के दौरान अनिल कपूर ने बताया कि वो डायरेक्टर्स से कैसे बात करते हैं. उन्होंने इंद्रा कुमार से बात करने का भी अंदाज बताया और मजाक में कहा कि अरे इंदु! क्या हो गया है तेरी धमाल 4 का. तूने लिया नहीं मुझे पिक्चर में? चलो ठीक है कोई बात नहीं, अजय ने मना किया क्या?
अनिल कपूर का ये स्टाइल देखकर फैन्स हंस-हंस कर लोट पोट रहे हैं. फैन्स अनिल कपूर की एक्टिंग और उनके लुक्स के कायल हो गए हैं. उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
सुबेदार के ट्रेलर के बारे में बात करें, तो ये दर्शकों को भारत के सख्त इलाकों में ले जाता है, जहां अवैध रेत खनन डर और खामोशी का माहौल पैदा करता है. अनिल कपूर रिटायर्ड सुबेदार अर्जुन मौर्या के रोल में नजर आए, जो एक अनुशासित, जंग से जूझ चुका अफसर है और गहरे निजी दर्द से बोझिल है.
अनिल कपूर और राधिका मदान के साथ फिल्म में मोना सिंह, सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, फैसल मलिक और खुशबू सुंदर अहम रोल्स में हैं.