रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' जल्द ही यानी 13 फरवरी को जापान के सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. जिसे लेकर वहां की ऑडियंस के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जापान का बॉक्स ऑफिस भारतीय फिल्मों के लिए कैसा रहा है? 'एनिमल' की रिलीज से पहले जानिए उन टॉप भारतीय फिल्मों के बारे में जिसने 'जापान' में अपनी सफलता के झंडे गाड़े और करोड़ों की कमाई कर सबको चौंका दिया.
एस.एस. राजामौली की एपिक एक्शन ड्रामा 'RRR' ने जापान में वो इतिहास रचा है जिसे तोड़ पाना नामुमकिन सा लगता है. ₹130 करोड़ की बंपर कमाई के साथ यह वहां की सबसे सफल भारतीय फिल्म है. दिलचस्प बात यह है कि यह फिल्म जापान में एक साल से भी ज्यादा समय तक सिनेमाघरों में टिकी रही. (Photo: IMDb)
रजनीकांत की फिल्म 'मुथु' जापान में किसी फिल्म से कहीं ज्यादा एक सांस्कृतिक क्रांति की तरह थी. 1995 में रिलीज हुई इस फिल्म ने करीब ₹25 करोड़ का कारोबार किया और लगातार 24 सालों तक नंबर 1 के पायदान पर काबिज रही. इसी फिल्म ने जापानियों के मन में भारतीय सिनेमा की "डांसिंग महाराजा" वाली छवि बनाई. (Photo: IMDb)
बाहुबली 2 ने जापान में भी अपनी भव्यता का लोहा मनवाया. ₹18 करोड़ की कमाई करने वाली इस फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान जापानी फैंस सिनेमाघरों में ग्लोस्टिक लहराते हुए देखे गए थे. इसी फिल्म की सफलता ने डायरेक्टर राजामौली के लिए जापान में एक मजबूत जमीन तैयार की थी, जिसका फायदा बाद में 'RRR' को मिला. (Photo: IMDb)
इस लिस्ट में नंबर 4 पर आमिर खान की '3 इडियट्स' है. जिसने ₹9.5 करोड़ की कमाई की. हैरानी की बात यह है कि बिना किसी भारी-भरकम एक्शन के यह फिल्म वहां के युवाओं के साथ इतनी गहराई से जुड़ी. यह आज भी वहां सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी हुई है. (Photo: IMDb)
श्रीदेवी की फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश' ने जापान में ₹8.1 करोड़ का कलेक्शन किया. आत्म-सम्मान और भाषा की बाधाओं को पार करने की इस सरल कहानी ने साबित कर दिया कि जापानी दर्शक सिर्फ बड़े बजट की फिल्में ही नहीं, बल्कि किरदारों पर आधारित भावनात्मक ड्रामा भी देखना पसंद करते हैं. (Photo: IMDb)
भारत में भले ही प्रभास की 'साहो' को मिला-जुला रिएक्शन मिला हो, लेकिन जापान में प्रभास का जादू सिर चढ़कर बोला. फिल्म ने वहां ₹7.3 करोड़ की शानदार कमाई की. जापानी ऑडियंस को फिल्म के हाई-टेक एक्शन सीक्वेंस और प्रभास का 'लाइफ से बड़ा' हीरो वाला अंदाज बहुत रास आया. (Photo: IMDb)
राजामौली की एक और क्लासिक फिल्म 'मगधीरा' भारत में रिलीज होने के कई सालों बाद जापान पहुंची. फिर भी इसने ₹7.2 करोड़ का बिजनेस किया. (Photo: IMDb)
तकनीक और रोबोटिक्स के शौकीन देश जापान में रजनीकांत की 'एंथिरन' का हिट होना लाजिमी था. फिल्म ने ₹6.1 करोड़ की कमाई की. चिट्टी के डबल रोल और फिल्म के बेहतरीन CGI की वहां खूब तारीफ हुई, जिससे सुपरस्टार रजनीकांत का रुतबा जापान में और भी बढ़ गया. (Photo: IMDb)
इंडियन सिनेमा के बोल्ड डायरेक्टर्स में से एक संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'एनिमल' अब 13 फरवरी को जापान में रिलीज होने जा रही है और रिलीज से पहले ही वहां दर्शकों में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. देखना होगा कि ये बाकी रिलीज हुई इंडियन फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ पाती है या नहीं. (Photo: IMDb)