पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Election 2022) में बन रहे सियासी समीकरण और राजनीतिक सरगर्मियों पर चर्चा करने के लिए, आजतक ने 'पंचायत आजतक- पंजाब' का आयोजन किया. कार्यक्रम में पंजाब के दिग्गज नेता शिरकत कर रहे हैं. कांग्रेस विधायक कुलजीत नागरा और आम आदमी पार्टी के नेता जरनैल सिंह ने भी शिरकत की.
भगवंत मान बनाम चरणजीत सिंह चन्नी
भगवंत मान बनाम चरणजीत सिंह चन्नी के पर सवाल पर आम आदमी पार्टी के नेता जरनैल सिंह ने कहा कि दो बार जो व्यक्ति भारी बहुमत के साथ जीता हो, उसकी क्रैडिबिलिटी पर कोई सवाल नहीं होता. भगवंत मान को जब से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया है, उस दिन से पंजाब के लोगों में जोश दिख रहा है. ग्रउंड रिपोर्ट और सर्वे में यही सामने आ रहा है कि मान ही लोगों की पसंद हैं.
जबकि कुलजीत नागरा ने कहा कि सीएम को स्टेट चलाना है, स्टेज नहीं. स्टेट चलाने और स्टेज चलाने में फर्क है. स्टेट चलाने के लिए व्यक्ति के पास कम से कम शिक्षा होनी चाहिए, चन्नी साहब एम ए एलएलबी एमबीए और पी्एचडी हैं और भगवंत मान 12वीं पास हैं. अगर आपको पढ़ा लिखा संजीदा व्यक्ति हो जिसके पास तजुर्बा हो और एक व्यक्ति वह हो जिसके बारे में संसद में शराब पीकर आने की शिकायत की गई हो. ये हिडिन एजेंडा है, भगवंत मान को सीएम कैंडिडेट दिखाया जा रहा है लेकिन सीएम बनेगा केजरीवाल.
आम लोग भी चला सकते हैं सरकार
जरनैल सिंह ने कहा कि जब दिल्ली में शीला दीक्षित की सरकार थी तो अहंकार इससे भी ज़्याद चरम सीमा पर था. तब कहा जाता था कि ये लड़के (आप) कैसे सरकार चलाएंगे. लेकिन आज केजरीवाल सरकार की तारीफ हर जगह होती है. इससे साबित होता है कि आम लोग भी सरकार चला सकते हैं. जब दिल्ली में आप की सरकार बनी तो बजट 30 हजार करोड़ था वो 60 हजार करोड़ हो गया तो इनकी घबराहट इसलिए बढ़ गई कि आप ने कांग्रेस को जीरो कर दिया, वही घबराहट पंजाब में भी दिख रही है. ये भगवंत मान की लीडरशिप स्किल से ही घबराए हुए हैं. पंजाब के मुद्दों को अगर किसी लीडर ने संसद में उठाया है तो वो भगवंत मान हैं. जो व्यक्ति अपना प्रचार छोड़कर संसद में लोलोगं में मामले उठा रहा हो, उससे ज़्यादा संजीदा कौन होगा.
मोदी जी और केजरीवाल मिले हुए हैं
कुलजीत नागरा ने बड़ा बयान दिया है कि मोदी जी और केजरीवाल की साठगांठ है, ये मिले हुए हैं. उन्होंने कहा कि यह एक हिडन एजेंडा है. मोदी जी ने केजरीवाल को इसलिए रखा है कि जहां कांग्रेस को डिस्टर्ब करना है चाहे पंजाब में, गोवा में या उत्तराखंड में, वहां ये आप को भेज देते हैं. ये शुरुआत हुई लोकपाल बिल के संघर्ष से, जिसे न केजरीवाल लाए, न मोदी जी लाए. उन्होंने कहा कि RSS ने दो लोगों को खड़ा किया है- मोदी और केजरीवाल, जिससे कांग्रेस को खत्म किया जा सके.
इसका जवाब देते हुए जरनैल सिंह ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने बीजेेपी को धूल चटाई है, इससे नागरा जी की बात का खंडन होता है. ये पंजाब के मुद्दों से भागते हैं, इसलिए इस तरह की बातें करते हैं.