लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस पार्टी में हाहाकार की स्थिति है. राहुल गांधी अध्यक्ष पद छोड़ने पर अड़ गए हैं तो पार्टी ने अब अपने प्रवक्ताओं को टीवी डिबेट्स से दूर रहने की हिदायत दे दी है. लेकिन गुरुवार सुबह जब कांग्रेस का आदेश आया तो उसके कुछ देर बाद ही प्रवक्ता राशिद अल्वी हमारे न्यूज़ चैनल आजतक पर चर्चा में हिस्सा लेने पहुंचे.
हालांकि, जैसे ही उनके बोलने की बारी आई तो राशिद अल्वी यह कहकर उठ गए कि उन्हें पार्टी के फैसले की जानकारी अभी मिली है, इसलिए वह डिबेट को बीच में छोड़ रहे हैं. माइक छोड़ते वक्त कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने कहा कि मुझे कहा गया था सरकार के आने वाले चैलेंज पर बहस होगी, लेकिन मेरे बोलने का नबंर ही नहीं आया.
बीच डिबेट में कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी उठकर चले गए #ModiSarkar2 #ATVideo
लाइव: https://t.co/fOz5QPkk43 pic.twitter.com/E8GWOZwioL
— आज तक (@aajtak) May 30, 2019
उन्होंने आगे कहा कि मुझे मालूम नहीं था पार्टी ने प्रवक्ताओं को बहस में हिस्सा नहीं लेने को कहा है, आपके चैनल के जरिए ही उन्हें पता लगा है. ऐसे में वह बीच में ये बहस छोड़कर जा रहे हैं.
हालांकि, राशिद अल्वी सुबह 10 बजे से इस बहस में हिस्सा ले रहे थे. और करीब 40 मिनट बाद बहस छोड़कर गए. जबकि कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने पार्टी प्रवक्ताओं से जुड़ा आदेश सुबह 8 बजे ही ट्वीट कर दिया था.
.@INCIndia has decided to not send spokespersons on television debates for a month.
All media channels/editors are requested to not place Congress representatives on their shows.
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) May 30, 2019
ऐसे में हैरान करने वाली बात ये है कि अगर ट्वीट के जरिए पूरे देश के पास ये खबर पहुंच गई है तो खुद पार्टी के प्रवक्ता इससे कैसे चूक सकते हैं. बता दें कि कांग्रेस पार्टी को एक बार फिर लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है. 2014 में कांग्रेस 44 और 2019 में कांग्रेस 52 के आंकड़े पर सिमट गई है.
इसी के बाद गुरुवार सुबह पार्टी ने फैसला लिया है कि अगले एक महीने तक पार्टी का कोई भी प्रवक्ता टीवी डिबेट्स में शामिल नहीं होगा. उन्होंने टीवी चैनल के एडिटर्स से भी अपील की है कि उनके पार्टी के प्रवक्ताओं को अपनी डिबेट में ना बुलाएं.