लोकसभा चुनाव 2019 नरेंद्र मोदी के प्रचंड लहर में कांग्रेस को मिली करारी हार ने पार्टी नेताओं को अंदर तक हिलाकर रख दिया है. राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने की जिद पर अड़े हुए हैं. हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता उन्हें समझाने की कोशिश लगातार कर रहे हैं. ऐसे में राहुल गांधी पार्टी के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे या नहीं, इसको लेकर असमंजस की हालत है. इसी बीच राजस्थान सरकार में उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ते हैं तो वह भी अपने पद से इस्तीफा दे देंगे.
सचिन पायलट ने आईएएनएस से कहा है कि राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ने की स्थिति में वह भी अपने पद से इस्तीफा दे देंगे. यही नहीं उन्होंने साफ कहा कि वह अकेले नहीं विधायकों की टीम के साथ पद छोड़ देंगे.
बता दें कि सचिन पायलट राजस्थान सरकार में उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं. सचिन पायलट ने कहा कि अगर राहुल गांधी पार्टी में अपना सर्वोच्च पद छोड़ते हैं तो वह भी राजस्थान के उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख का पद छोड़ देंगे.
लोकसभा चुनाव में राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से सभी सीटें बीजेपी जीतने में कामयाब रही हैं. कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है. जबकि महज 6 महीने पहले ही कांग्रेस ने राजस्थान में बीजेपी से सत्ता छीनी थी. ऐसे में कांग्रेस को एक भी सीट न मिलने से पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी काफी नाराज है.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे की पेशकश के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट पर भी गाज गिरने की अटकलें लगनी शुरू हो गई. यह दोनों नेता दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं और मंगलवार को राहुल गांधी से मिलने भी पहुंचे थे. हालांकि दोनों नेताओं की राहुल से मुलाकात हुई है या नहीं यह बात सामने नहीं आ सकी थी.