17वीं लोकसभा चुनाव के तहत उत्तर प्रदेश की फिरोजाबाद सीट से बीजेपी के उम्मीदवार डॉ. चंद्र सेन जादोन ने जीत हासिल की है. उन्होंने 495065 के अंतर से समाजवादी पार्टी के अक्षय यादव को मात दी है. इस सीट पर बीजेपी और सपा में सीधा मुकाबला दिखा.

कब और कितनी हुई वोटिंग
फिरोजाबाद सीट पर वोटिंग तीसरे चरण में 23 अप्रैल को हुई थी, इस सीट पर 60.03 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था. इस सीट पर कुल 1785577 मतदाता हैं, जिसमें से 1077948 मतदाताओं ने अपने वोट डाले हैं.
प्रमुख उम्मीदवार
सामान्य वर्ग वाली इस सीट पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉक्टर चंद्रसेन जादौन का मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी के अक्षय यादव और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के शिवपाल यादव से था. इस सीट पर कुल 6 उम्मीदवार मैदान में थे.
2014 का चुनाव
2014 के लोकसभा चुनाव में फिरोजाबाद सीट पर 67.49 फीसदी वोटिंग हुई थी, जिसमें सपा प्रत्याशी अक्षय यादव को 48.39 फीसदी (5,34,583) वोट मिले थे और और उनके निकटतम बीजेपी प्रत्याशी एसपी बघेल को 38.07 फीसदी (4,20,524) मिले थे. इसके अलावा बसपा के ठाकुर विश्वद्वीप सिंह को महज 10.76 फीसदी (1,18,909) वोट मिले थे. इस सीट पर सपा के अक्षय यादव ने महज 1,14,059 मतों से जीत दर्ज की थी.
फिरोजाबाद सीट का इतिहास
फिरोजाबाद लोकसभा सीट के शुरुआती चुनावों के इतिहास के हिसाब से देखा जाए तो यह सीट कभी किसी एक पार्टी के हक में नहीं रही और जनता ने लगातार अपना मिजाज यहां पर बदला. इस सीट पर 1957 में पहली बार लोकसभा चुनाव हुए जिसमें निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज कराई थी. 1967 में सोशलिस्ट पार्टी, 1971 में कांग्रेस ने जीत हासिल की. हालांकि इसके बाद 1977 से लेकर 1989 तक हुए कुल चार चुनाव में भी कांग्रेस सिर्फ एक बार ही जीत सकी.
90 के दशक में रामलहर के बाद 1991 के बाद लगातार तीन बार यहां भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) जीती. बीजेपी के प्रभु दयाल कठेरिया ने यहां से जीत की हैट्रिक लगाई. 1999 और 2004 में समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन ने बड़ी जीत हासिल की. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी 2009 से इस सीट पर चुनाव लड़ा और जीते भी, लेकिन चुनाव के बाद उन्होंने इस सीट को छोड़ दिया था. 2009 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने चुनाव जीता और 2014 में समाजवादी पार्टी नेता रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव ने यहां से बड़ी जीत हासिल की.
चुनाव की हर ख़बर मिलेगी सीधे आपके इनबॉक्स में. आम चुनाव की ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए करें आजतक का इलेक्शन स्पेशल न्यूज़ लेटर