कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने सर्जिकल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर हमला किया है. कपिल सिब्बल ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक पहले भी होते थे, लेकिन कांग्रेस ने कभी इस बात का बखान नहीं किया है. कपिल सिब्बल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि हमारे पीएम को देखिए, हमारे जवान मर रहे हैं लेकिन पीएम बखान कर रहे हैं.
कपिल सिब्बल ने कहा, "ऑपरेशन जिंजर, 2011 में हुआ सर्जिकल स्ट्राइक झूठ नहीं है. आर्मी चीफ झूठ नहीं बोल सकते हैं, हम ये कहना चाह रहे हैं कि सर्जिकल स्ट्राइक जश्न मनाने की चीज नहीं है, यह अपने देश, बॉर्डर को सुरक्षित रखने का जरिया है, लेकिन क्या ऐसा हो रहा है? मनमोहन सिंह ने कभी इसका ढिंढ़ोरा नहीं पीटा, लेकिन मोदी को देखिए, जवान मर रहे हैं, और पीएम इसका बखान कर रहे हैं."
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सर्जिकल स्ट्राइक पर शनिवार को मोदी सरकार को घेरा. राहुल गांधी ने कहा कि पूर्व आर्मी चीफ जनरल विक्रम सिंह ने कहा है कि यूपीए सरकार ने 2008 से 2014 के बीच छह सर्जिकल स्ट्राइक्स की और सर्जिकल स्ट्राइक्स की तारीखें भी बताई हैं.
राहुल गांधी ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक सेना ने किया है और हम इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहते हैं, प्रधानमंत्री को सैन्य बलों का सम्मान करना होगा. कांग्रेस ऑफिस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि सेना मोदी जी की निजी संपत्ति नहीं है. मोदी जी सोचते हैं कि भारतीय वायु सेना, नौसेना और थल सेना उनकी निजी संपत्तियां हैं.
कांग्रेस के काल में हुए सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ये सर्जिकल स्ट्राइक्स मोदी जी ने नहीं, सेना ने की हैं, और अगर मोदी जी कहते हैं कि पूर्व की सर्जिकल स्ट्राइक वास्तविक सर्जिकल स्ट्राइक नहीं बल्कि वीडियो गेम थीं तो वे कांग्रेस का नहीं बल्कि सैन्य बलों का अपमान कर रहे हैं.
सरकार में आए तो नोटबंदी की कराएंगे जांच- सिब्बल
कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस सत्ता में आती है तो उनकी सरकार नोटबंदी की विस्तृत जांच करवाएंगे. सिब्बल ने आरोप लगाया और कहा कि उन्हें भरोसा है कि ये सबसे बड़ा घोटाला है. उन्होंने दावा किया कि वे नोटबंदी के दौरान पैसे बदल रहे लोगों का वीडियो दिखा सकते हैं.
चुनाव की हर ख़बर मिलेगी सीधे आपके इनबॉक्स में. आम चुनाव की ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए सब्सक्राइब करें आजतक का इलेक्शन स्पेशल न्यूज़ लेटर