दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान अगले कुछ दिनों में होने वाला है, लेकिन इससे पहले ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने सत्तारुढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर जमकर हमला बोला और आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने निजी बिजली कंपनी को 8532 करोड़ का फायदा पहुंचाया और इसका CAG ऑडिट तक नहीं कराया गया.
दिल्ली कांग्रेस ने आज शुक्रवार को आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार ने केवल कागज पर शिक्षा का बजट बढ़ाया. जबकि सरकार ने 46 फीसदी बजट का इस्तेमाल तक नहीं किया.
कांग्रेस ने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने 1000 मोहल्ला क्लीनिक खोलने की बात की थी, लेकिन अब तक 189 मोहल्ला क्लीनिक ही खोले गए.
बिजली वितरण में हुए घोटाले पर कांग्रेस ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने निजी बिजली कंपनी को 8532 करोड़ का फायदा पहुंचाया लेकिन इसका CAG ऑडिट तक नहीं कराया
दिल्ली सबसे प्रदूषित शहर बना
कांग्रेस ने कहा कि केजरीवाल सरकार के राज में दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया. जबकि दिल्ली में पीने का पानी सबसे प्रदूषित है. 20% लोग पैकेज्ड पानी पीने को मजबूर हैं. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने 5 साल में एक भी नया फ्लाईओवर तक नहीं बनाया.
कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि वह दिल्ली की महिलाओं को बस में फ्री यात्रा की सुविधा दे रही है, लेकिन उसने अपनी कैबिनेट में एक भी महिला को शामिल नहीं किया. यहां तक की महिलाओं पर होने वाले अत्याचार पर खर्च होने वाले फंड निर्भया फंड का 5% भी यूज नहीं किया.