
बिहार की धुरिया विधानसभा सीट पर आरजेडी के भूदेव चौधरी को जीत मिली है. उन्होंने जेडीयू के मनीष कुमार को मात दी है. भूदेव चौधरी को 2600 से ज्यादा वोटों से जीत मिली. चुनाव आयोग के आंकड़े के मुताबिक, भूदेव चौधरी को 78646 वोट मिले. वहीं मनीष कुमार के खाते में 75959 वोट पड़े. धुरिया विधानसभा सीट पर 11 उम्मीदवार मैदान में थे.
इससे पहले 2015 के चुनाव में जेडीयू को जीत मिली थी. तब मनीष कुमार ने बाजी मारी थी. उन्होंने बुद्धदेव चौधरी को हराया था.

सामाजिक ताना-बाना
2011 की जनगणना के अनुसार धुरिया की जनसंख्या 437363 है. अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) का अनुपात कुल जनसंख्या से क्रमशः 13.56 और 0.39 है. 2019 की मतदाता सूची के अनुसार, इस निर्वाचन क्षेत्र में 289211 मतदाता और 326 मतदान केंद्र हैं. बीजेपी के गिरधारी यादव बांका के सांसद हैं और जेडीयू के मनीष कुमार धुरिया के विधायक हैं. धुरिया विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के उम्मीदवार के लिए आरक्षित है.
राजनीतिक पृष्ठभूमि
साल 1957 में अस्तित्व में आई धुरिया विधानसभा सीट पर हुए पहले चुनाव में कांग्रेस के मोलवी समितुद्दीन को जीत मिली थी. इसके अगले चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल की. धुरिया में शुरुआती चुनावों में कांग्रेस को जीत मिलती रही, लेकिन निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले राम भानु ने उसके विजयी सफर पर रोक लगाया, फिर सीपीआई लगातार तीन बार यहां पर चुनाव जीती. 1985 में एक बार धुरिया में कांग्रेस ने वापसी की. लेकिन अगले ही चुनाव में सीपीआई ने हार का बदला लिया और जीत हासिल की.
2005 में पहली बार यहां पर जेडीयू का डंका बजा. उसने पहली बार धुरिया में जीत हासिल की और तब से लगातार उसका जीत का सफर जारी है. मनीष कुमार को पिछले तीन विधानसभा चुनाव में यहां पर जीत मिली है.
2015 का जनादेश
2015 के विधानसभा चुनाव में धुरिया में 269196 मतदाता थे. इसमें से 53.47 फीसदी पुरुष और 46.53 महिला वोटर्स थीं. धुरिया में 155051 लोगों ने वोट डाला था. यहां पर 57 फीसदी मतदान हुआ था. इस चुनाव में जेडीयू के मनीष कुमार ने BLSP के बुद्धदेव चौधरी को मात दी थी. मनीष कुमार को 68858 (44.41 फीसदी) वोट मिले थे तो वहीं बुद्धदेव को 44704 (28.83 फीसदी) वोट मिले थे. मनीष कुमार ने 23 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की थी.
कितनी हुई वोटिंग
धुरिया में पहले चरण के तहत मतदान हुआ. यहां पर 28 अक्टूबर को वोटिंग हुई. धुरिया में 60.57 फीसदी मतदान हुआ.