केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आज कक्षा 10वीं की मुख्य परीक्षा 2025-26 के परिणाम घोषित कर दिए हैं . इस साल का कुल पास प्रतिशत 93.70% रहा है, जो पिछले साल (93.66%) के मुकाबले 0.04% बेहतर है . बोर्ड ने इस बार कॉपियों का मूल्यांकन रिकॉर्ड समय में पूरा करते हुए रिजल्ट सामान्य से करीब एक महीना पहले जारी कर दिया है.
बेटियों ने फिर किया कमाल
हर बार की तरह इस बार भी लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ते हुए बाजी मारी है. लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों के मुकाबले बेहतर रहा है. बोर्ड ने इस साल भी किसी आधिकारिक टॉपर लिस्ट की घोषणा नहीं की है, लेकिन मेरिट सर्टिफिकेट उन छात्रों को दिए जाएंगे जिन्होंने विषयों में उच्चतम अंक प्राप्त किए हैं.
डिजिलॉकर और उमंग ऐप पर सबसे तेज रिजल्ट
वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक को देखते हुए छात्र डिजिलॉकर (DigiLocker) और उमंग (UMANG) ऐप के जरिए अपनी डिजिटल मार्कशीट तुरंत डाउनलोड कर सकते हैं. उमंग ऐप पर रिजल्ट का लिंक सबसे पहले सक्रिय किया गया है.
यहां देखें पूरा रिजल्ट
ऐसे चेक करें अपना स्कोरकार्ड
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in पर जाएं.
होमपेज पर 'Secondary School Examination (Class X) 2026' लिंक पर क्लिक करें.
अपना रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज करें.
सबमिट बटन दबाते ही आपका रिजल्ट स्क्रीन पर आ जाएगा.
इसे भविष्य के लिए डाउनलोड करें और प्रिंटआउट ले लें.
सेकंड बोर्ड एग्जाम का मौका
जो छात्र एक या दो विषयों में सफल नहीं हो पाए हैं या अपने नंबरों से संतुष्ट नहीं हैं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है. सीबीएसई 15 मई 2026 से 'सेकंड बोर्ड एग्जाम' (फेज-2) आयोजित करने जा रहा है. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी.
NEP के तहत 'दो बोर्ड परीक्षा' प्रणाली की शुरुआत
इस साल की सबसे बड़ी विशेषता राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत शुरू की गई 'दो बोर्ड परीक्षा' रही .
पहली परीक्षा: फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित की गई .
दूसरी परीक्षा: मई 2026 में प्रस्तावित है .
त्रिवेंद्रम रीजन फिर रहा अव्वल
रीजन-वार प्रदर्शन में एक बार फिर त्रिवेंद्रम (99.79%) और विजयवाड़ा (99.79%) संयुक्त रूप से टॉप पर रहे हैं. वहीं, नोएडा रीजन का पास प्रतिशत 87.66% और दिल्ली रीजन का प्रदर्शन 97.38% रहा है.
संस्थानों में KV और JNV का दबदबा
संस्थानों की बात करें तो केन्द्रीय विद्यालयों (KV) ने 99.57% और जवाहर नवोदय विद्यालयों (JNV) ने 99.42% पास प्रतिशत के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है. सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 91.43% दर्ज किया गया है.
रिजल्ट के मुख्य आंकड़े
कुल पंजीकृत छात्र: 24,71,777
कुल उत्तीर्ण छात्र: 23,16,008
कुल पास प्रतिशत: 93.70%
परीक्षा की अवधि: 17 फरवरी से 10 मार्च 2026