शंकरघट्टा स्थित कुवेम्पु विश्वविद्यालय में परीक्षा शुल्क में वृद्धि, स्नातकोत्तर परिणामों में देरी और डिग्री प्रमाण पत्र जारी न किए जाने के विरोध में हुए प्रदर्शन हिंसक हो गया. आरोप है कि एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कुलपति कार्यालय में तोड़फोड़ की. कार्यालय में फर्नीचर, गमले और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए गए, जबकि कार्यालय के नाम बोर्डों पर काला रंग पोत दिया गया. प्रदर्शनकारियों ने कुलपति शरथ अनंतमूर्ति के तत्काल तबादले की मांग की और डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली को रद्द करने की बात कही है.
छात्रों में दिखा गुस्सा
प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा शुल्क में वृद्धि, परिणामों में देरी और डिग्री प्रमाण पत्र जारी न किए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया. कुलपति शरथ अनंतमूर्ति ने बताया कि जब उन्हें तोड़फोड़ की सूचना मिली तब वे एमबीए कार्यक्रम में भाग ले रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेरने और धक्का देने की कोशिश की और कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस घटना के पीछे कोई है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी.
हिंसा और पुलिसिया कार्रवाई
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, छात्र नारेबाजी करते हुए सीधे कुलपति कार्यालय की ओर बढ़े. जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो झड़प शुरू हो गई. प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के दरवाजों और खिड़कियों को नुकसान पहुंचाया और अंदर घुसने की कोशिश की. स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देखते हुए कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात किया गया.
क्या बोली प्रशासन?
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. अधिकारियों का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध का स्वागत है, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और हिंसा करना स्वीकार्य नहीं है.