राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक सरोज यादव से 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. भाकपा माओवादी नकुल के नाम से विधायक को भेजे गए मेसेज में कहा गया है कि पैसे नहीं दिए या पुलिस को खबर दी तो पूरे परिवार को बम और गोली से उड़ा देंगे.
इस मेसेज के बाद से विधायक और उनका पूरा परिवार डरा हुआ है. हालांकि विधायक ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी है और एफआईआर भी दर्ज कराई है.
10 सितंबर को रात करीब 9.30 बजे विधायक के पैतृक गांव बडहरा थाने के केशवपुर में उनके घर पर गोलीबारी हुई थी. उस गोलीबारी का जिक्र भी मेसेज में किया गया है. साथ ही कहा गया कि अभी तो ये केवल धमाका हुआ है. विधायक सरोज यादव ने बताया कि उनके मोबाइल पर बुधवार की रात टेक्स्ट मेसेज आया था. फिर गुरुवार सुबह 11 बजे उनकी नजर दूसरे मैसेज पर पड़ी. मेसेज में अकाउंट नंबर आईएफएससी कोड भी भेजा गया है.
विधायक ने तत्काल इसकी सूचना भोजपुर के एसपी को दी और दानापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई. आरजेडी के विधायक सरोज यादव भोजपुर के बडहरा विधानसभा से चुने गए हैं. उनका आवास दानापुर के आरकेपुरम कॉलोनी में है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
सबूत के नाम पर पुलिस के पास बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर भी है. पुलिस ये जानने की कोशिश कर रही है कि यह बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर किसका है. मामले की जांच में सर्विलांस टीम भी जुट गई है.