दिल्ली के द्वारका से गिरफ्तार किए गए काला जठेड़ी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शार्प शूटरों के पास से एक वीडियो मिला है. इसमें एक तस्वीर में गैंगस्टर काला जठेड़ी और लॉरेंस बिश्नोई को एक साथ देखा जा सकता है. इतना नहीं जिस शूटर के पास से ये वीडियो मिला है, वो भी उनके साथ मौजूद है. बताया जा रहा है कि ये तस्वीर तिहाड़ जेल के अंदर ही ली गई है, जहां काला इस वक्त कैद में है. यहां कुछ समय के लिए लॉरेंस को भी रखा गया था.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खुफिया सूचना के आधार पर रविवार को जठेड़ी और बिश्नोई गैंग के पांच शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया था. हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर काला जठेड़ी और लेडी डॉन अनुराधा चौधरी उर्फ मैंडम मिंज की शादी से ठीक पहले हुई इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है. क्योंकि ये शूटर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे. पुलिस के इनके पास से बड़ी संख्या में विदेशी आधुनिक हथियार मिले हैं.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शूटरों से पीएक्स 30 मेड इन चाइना पिस्टल, पी. ब्रेटा मेड इन इटली पिस्टल, पॉइंट 32 पिस्टल और कई राउंड कारतूस बरामद किया गया है. स्पेशल सेल के डीसीपी मनोज सी ने बताया कि उन्हें एक गुप्त सूचना मिली थी कि जठेड़ी-बिश्नोई गैंग के शूटर अवैध हथियारों के साथ द्वारका सेक्टर 16 में डीडीए पार्क के पास आने वाले हैं. इसके बाद पुलिस ने हरियाणा के राहुल, परवीन, रोहताश, मोहन और सचिन को धर दबोचा.
पुलिस द्वारा पूछताछ में राहुल बाबा ने बताया कि वो काला जठेड़ी और अनिल छिप्पी के साथ साझेदारी में शराब की दुकानें चलाता है. उनका रोहतक के बसंतपुर गांव के रहने वाले अजय नामक व्यक्ति के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद था. अजय को सोनीपत के गैंगस्टर अमन का समर्थन मिला था, जो कि भगोड़े गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के साथ जुड़ा हुआ है. पिछले साल राहुल ने अजय के घर के बाहर गोलीबारी की थी.
इसके बाद उसे गिरफ्तार करके हरियाणा की जेल में डाल दिया गया. वहां अजय और उसके दोस्त अमन के इशारे पर कैदियों ने उस पर जानलेवा हमला किया था. जेल से रिहा होने के बाद राहुल ने अमन को मारने की योजना बनाई. रोहताश, मोहन और सचिन को अपनी गैंग में शामिल किया. परवीन और राहुल के करीबी संबंध हैं. इन लोगों को गैंगस्टर काला जठेड़ी और अनिल छिप्पी की ओर से अवैध हथियार मुहैया कराए गए थे.
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इन शूटरों को काला जठेड़ी और अनुराधा चौधरी की शादी की सुरक्षा के लिए तो नहीं लगाया गया था. या फिर ये लोग बारात में शामिल होकर अपने बॉस की शादी में हिस्सा लेने के फिराक में थे. पुलिस हिरासत में पांचों शूटरों से पूछताछ की जा रही है. अभी इस शादी में महज एक दिन बचे हैं. इससे पहले दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान की पुलिस बहुत ज्यादा सतर्क है.
यह भी पढ़ें: काला जठेड़ी Weds मैडम मिंज: लेडी डॉन की गैंगस्टर से शादी, तिहाड़ से निकलेगी बारात, सूट-बूट में पुलिस

बताते चलें कि गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी और लेडी डॉन अनुराधा चौधरी की 12 मार्च को दिल्ली के द्वारका के एक बैंक्वेट हॉल संतोष गार्डन में शादी होने वाली है. ये सिर्फ एक गैंगस्टर की शादी नही बल्कि चार राज्यों की पुलिस की सिरदर्दी भी है. कोर्ट ने इस शादी के लिए बस 6 घंटे की मोहलत दी है. इस दौरान काला जठेड़ी तिहाड़ जेल से जबरदस्त पुलिस सुरक्षा घेरे के बीच बाहर आएगा और द्वारका शादी के लिए जाएगा.
13 मार्च को हरियाणा के जठेड़ी गांव में गृह प्रवेश की रस्म के लिए चार राज्यों की पुलिस ने अपनी बेस्ट टीम को मैदान में उतारने का फैसला किया है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, स्वाट की खास टीमें बनाई गई हैं. इस टीम में शामिल वो लोग हैं जो लेटेस्ट ऑटोमेटिक वेपन से लैस, किसी भी हमले से निपटने में माहिर हैं. इनमें से ज्यादातर पुलिसवाले वर्दी में नहीं बल्कि बकायदा सूट-बूट में मुस्तैद रहेंगे.
लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी के कई केसों की जांच एनआईए कर रही है. लिहाजा शादी और गृह प्रवेश पर एनआईए की पूरी नजर होगी. दरअसल काला जठेड़ी ने अपने इतने दुश्मन बना रखे हैं कि उनमें से कोई भी शादी के मंडप में उसपर हमला कर सकता है. ऐसा इसलिए है क्योंकि शादी की तारीख, वक्त और जगह अब सबको पता है. ऐसे में कोई भी आसानी से हमला कर सकता है. लेकिन यहां पुलिस को सिर्फ काला जठेड़ी की हिफाजत ही नहीं करनी है बल्कि ये भी देखना है कि कहीं मौका मिलते ही वो खुद ना रफूचक्कर हो जाए. इसलिए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ड मोड पर हैं.