यूपी के हापुड़ में मावा बनाने वाली एक फैक्टरी में अचानक स्टीम बॉयलर फट गया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कई मकान जमींदोज हो गए. बड़ौदा सिहानी गांव में अवैध रूप से मावा बनाने की लगभग 30 अवैध भट्टियां चल रही हैं. लेकिन खाद्य विभाग के अधिकारियों ने इन पर कोई एक्शन कभी नहीं लिया है
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है. बताया जा रहा है कि फैक्टरी में मावा बनाने का काम चल रहा था. लोगों का कहना है कि जब बॉयलर फटा तो करीब 200 मीटर दूर जाकर गिरा. जिसकी वजह से जोरदार धमाका हुआ और आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए.
स्टीम बॉयलर फटने से लोग हुए घायल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हादसे में खाद्य विभाग के अभिहित अधिकारी पवन कुमार की लापरवाही सामने आई है क्योंकि काफी लंबे समय से चले आ रहे इस अवैध मावे के कारोबार पर अभी तक खाद्य विभाग कोई रोक नहीं लगा पाया है. अधिकारियों की मिलीभगत से ही ये अवैध फैक्टरियां चल रही हैं.
पुलिस इस मामले की जांच में जुटी
अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्रा का कहना है कि विनीत शर्मा के घर पर एक दूध प्लांट है जहां पर सुबह बॉयलर फट गया था. इस कारण एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. 12 लोगों का इलाज मधु नर्सिंग होम में कराया जा रहा है. जबकि तीन अन्य घायलों का इलाज देवनंदिनी हॉस्पिटल में चल रहा है. इसके अतिरिक्त और भी घायल का इलाज जारी है. बॉयलर फटने की वजह की जांच की जा रही है.