भोपाल की दो बहनें अमरीन और आफरीन हिंदू लड़कियों को शिकार बना रही थीं, इसका खुलासा एक पीड़ित ब्यूटीशियन ने किया है. पीड़िता ने खुलाया किया है कि ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे धर्मांतरण और गैंगरेप का सिंडिकेट चलाया जा रहा था. गरीब हिंदू युवतियों को नौकरी का लालच देकर पहले ब्रेनवॉश किया जाता था और फिर उन्हें धर्मांतरित कर सेक्स रैकेट में धकेल दिया जाता था.
बागसेवनिया थाना पुलिस को पीड़िता ने बताया, ''अमरीन उर्फ माहिरा और चंदन यादव (कथित धर्मांतरित) ने मुझे धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला. वहीं, चंदन यादव, याशिर और बिलाल ने नशीला पदार्थ खिलाकर मेरा बलात्कार किया.
मैं भोपाल के न्यू मार्केट में कपड़ों की दुकान पर काम करती हूं. 8 जून 2024 को मेरे दोस्त आकाश का बर्थडे था, जिसे हमने शाहपुरा में मेरे रूम पर मनाया. आकाश ने अपने साथ संजना नाम की लड़की को लाया था और उस दिन उसने संजना से मेरी पहचान करवाई. तब से मेरी संजना से दोस्ती हो गई. उसके बाद संजना और मैंने शाहपुरा में एक साथ रूम लिया और साथ रहने लगे.
अमरीन के घर पर मिला काम
उस समय मैं पार्लर में काम करती थी, लेकिन वहां मुझे अच्छा नहीं लगता था. मैंने संजना से कहा कि मैं कहीं और रहने जा रही हूं. तब संजना ने कहा कि मेरी एक दीदी है, उनके घर पर रह लो और वहीं आशिमा मॉल में काम करने लगना. संजना मुझे अमरीन के पास लेकर गई और मेरी उससे मुलाकात करवाई. मैं अमरीन के घर रहने लगी. वहां मेरे साथ संजना और मनीषा भी रहती थीं. हम तीनों साथ रहते थे और अमरीन के घर पर काम करते थे.
संजना को बनाया 'जन्नत'
उसी दौरान मुझे पता चला कि संजना ने धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनकर अपना नाम जन्नत रख लिया है. अगस्त 2025 में अमरीन के दोस्त चंदन यादव मुझे अपनी बहन के घर ले गया और वहां नशीली दवाई पिलाकर मेरे साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए. जब मैं रोने लगी तो चंदन ने कहा कि चिंता मत करो, मैं किसी को नहीं बताऊंगा. फिर चंदन ने मुझे बहलाया-फुसलाया और अमरीन के घर वापस लाकर कहा कि किसी को कुछ नहीं बताना, वरना सब तुम्हें ही गलत बोलेंगे. मैंने किसी को कुछ नहीं बताया.
बुरका और कुरान का दबाव
फिर अमरीन धीरे-धीरे मुझे मुस्लिम बनने का दबाव बनाने लगी. वह मुझे कुरान पढ़ने को कहती थी और कहीं ले जाती तो बुरका पहनकर चलने को कहती थी. जब मैंने संजना को बताया तो संजना कहने लगी कि कुछ नहीं होता, मैं भी हिंदू से मुस्लिम बनी हूं और मैंने अमरीन के भाई हैदर से शादी की है. तब मुझे पता लगा कि अमरीन और चंदन यादव मुझे बहुत मजबूर करने लगे. दोनों मुझे छोटे कपड़े पहनाकर क्लबों और पार्टियों में ले जाते थे. चंदन ने मेरे साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. जब मैं विरोध करती तो धमकी देते कि किसी को बताया तो तेरी बदनामी कर दूंगा.
चंदन ने कहा कि तुम भी अपना धर्म परिवर्तित कर लो, मैंने भी किया है.अमरीन मुझे अपने मायके अब्बास नगर ले जाती थी. वहां एक बार उसके भाई बिलाल ने मेरे साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए.
'हमारे लड़के शराब नहीं पीते'
मैंने अमरीन को बताया तो अमरीन कहती कि हमारे यहां के लड़के अच्छे होते हैं, लड़कियों को नहीं मारते, शराब नहीं पीते. तुम भी हमारा धर्म अपना लो और हमारे यहां के लड़के से शादी कर लो.
अहमदाबाद से छत्तीसगढ़ तक फैला जाल
सितंबर 2025 में अमरीन मुझे अहमदाबाद ले गई. बोली कि मेरी तबीयत ठीक नहीं है, तुम साथ चलो, मेरी बेटी को संभाल लेना. वहां याशिर मिला, जिसने मेरे साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए. जब मैं उनसे कहती कि मुझे छोड़ दो, घर जाना है, तो अमरीन धमकी देती कि मेरे बड़े-बड़े लोगों से संबंध हैं, किसी को बताया तो मैं तुम्हें जान से मरवा दूंगी.
गिरोह के खिलाफ आवाज उठाई
नवंबर में मैंने अमरीन के यहां से काम छोड़ दिया और छत्तीसगढ़ में अपने मामा के घर रहने लगी, जहां अमरीन को पता नहीं था. फिर इंस्टाग्राम पर प्रीति दीदी से बात हुई. मैंने उन्हें सारी बात बताई. उन्होंने भी बताया कि उनके साथ भी गलत हुआ है. अमरीन और चंदन यादव ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया. चंदन यादव, याशिर और बिलाल ने नशीला पदार्थ पिलाकर मेरे साथ बलात्कार किया.''
पुलिस ने दर्ज की FIR
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, धर्मांतरण विरोधी कानून और मानव तस्करी की धाराओं में मामला दर्ज किया है. जांच में पता चला है कि यह गिरोह भोपाल में पढ़ने आने वाली गरीब लड़कियों को टारगेट करता था और उन्हें ड्रग्स की लत लगाकर बड़े शहरों में देह व्यापार के लिए भेजता था.