scorecardresearch
 

MP: कोरोना पॉजिटिव होने के बाद भी सीएम शिवराज अस्पताल से कर रहे हैं काम

रविवार को अस्पताल से ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में कोरोना के हालात जानने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गृहमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, चिकित्सा शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव और स्वास्थ्य विभाग के आला अफसरों के साथ कोरोना समीक्षा बैठक की.

Advertisement
X
कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती हो गए थे सीएम शिवराज (फोटो: Aajtak)
कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती हो गए थे सीएम शिवराज (फोटो: Aajtak)

  • अस्पताल से भी काम कर रहे मुख्यमंत्री शिवराज चौहान
  • सीएम शिवराज ने अस्पताल से की कोरोना समीक्षा बैठक

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव होने के चलते शनिवार को भर्ती हुए थे. लेकिन सीएम शिवराज रविवार को पूरा दिन हॉस्पिटल से ही काम करते रहे. इस दौरान उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोरोना समीक्षा बैठक की. इसके साथ ही सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की वेतनवृद्धि के साथ-साथ मेधावी छात्र लैपटॉप प्रदाय योजना पर भी अहम फैसले लिए.

वीडियो कांफ्रेंसिंग से की कोरोना समीक्षा बैठक

रविवार को अस्पताल से ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में कोरोना के हालात जानने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गृहमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, चिकित्सा शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव और स्वास्थ्य विभाग के आला अफसरों के साथ कोरोना समीक्षा बैठक की. समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि होम क्वारनटीन किए गए व्यक्तियों की ऑलओवर रिपोर्ट भी लें और उनसे कोविड की गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित करवायें.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज, कोविड केयर सेंटर और उनमें इलाज की व्यवस्थाओं के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की. सीएम ने कहा कि कोरोना से जीतने के लिए लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाना बेहद जरूरी है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में मौजूद सभी मंत्रियों से कहा कि उनके संपर्क में आए मंत्री, विधायक और अधिकारी सहित अन्य सभी अपनी टेस्टिंग करवा लें. उनकी वजह से किसी को परेशानी न हो इसलिए टेस्टिंग करवाकर सभी सुरक्षा उपाय अपनाएं जिससे सब निश्चिंत हो जाएं. अधिकारियों ने सीएम को बताया कि उनके संपर्क में आए सभी लोगों को आइसोलेशन और होम क्वारनटीन होने की समझाइश दी गई है.

हॉस्पिटल से काम करते हुए ही सीएम शिवराज ने कर्मचारियों की वेतनवृद्धि और लैपटॉप प्रदाय योजना के बारे में भी जानकारी दी है. सीएम ने कर्मचारियों से वार्षिक वेतन वृद्धि को लेकर चिंतित न होने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि सभी सरकारी कर्मचारियों को वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ स्थितियां सामान्य होते ही दिया जाएगा.

सीएम ने उम्मीद जताई है कि प्रदेश को कोरोना संकट से बाहर निकालने के उद्देश्य से सभी अधिकारी और कर्मचारी सरकार के इस निर्णय का समर्थन और सहयोग करेंगे क्योंकि एक तरफ सरकार कोविड-19 से बचाव में राज्य के बजट का बड़ा हिस्सा स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य कोविड कार्यों पर खर्च कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ आर्थिक गतिविधियों में कमी के कारण राज्य सरकार की आय में कमी आई है.

Advertisement

फिर शुरू होगी लैपटॉप प्रदाय योजना

सीएम शिवराज ने अस्पताल से ही बताया कि मेधावी छात्रों के लिए लैपटॉप प्रदाय योजना फिर शुरू होगी. इसके अंतर्गत सरकार द्वारा मेधावी छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. शैक्षणिक सत्र 2019-20 के लिए एमपी बोर्ड द्वारा आयोजित 12वीं की मुख्य परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को इस योजना का लाभ दिया जाएगा.

Advertisement
Advertisement