scorecardresearch
 

दिल्ली में कोरोना मामलों में गिरावट का सिलसिला जारी, लेकिन मंडरा रहा तीसरी लहर का खतरा!

AIIMS के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया के 6 से 8 हफ़्ते में तीसरी लहर आने के बयान पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि हम सभी अगर मास्क पहनें तो कोरोना लहर से बच सकते हैं.

Advertisement
X
दिल्ली में कोरोना मामलों में गिरावट (सांकेतिक फोटो)
दिल्ली में कोरोना मामलों में गिरावट (सांकेतिक फोटो)
स्टोरी हाइलाइट्स
  • दिल्ली में कोरोना का कहर हुआ कम
  • कोरोना की तीसरी लहर की आशंका बरकरार
  • 24 घंटे में 124 नए मामले और 7 मरीजों की मौत

दिल्ली में कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगभग थम चुकी है. लेकिन तीसरी लहर की आशंका से अभी भी लोग असमंजस में हैं. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी कोरोना की तीसरी लहर को लेकर आगाह किया है. उन्होंने कहा कि कोरोना के केस कम हो गए तो ऐसा बिल्कुल नहीं है कि दोबारा कोरोना केस नहीं बढ़ेंगे. जब दिल्ली में दूसरी लहर आई थी, उससे पहले 100 से कम केस दर्ज हो रहे थे तो लोगों को लगने लगा कि कोरोना ख़त्म हो गया, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. 

दिल्ली कोरोना अपडेट 

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 124 नए मामले सामने आए. इस दौरान 7 मरीजों की कोरोना से मौत हो गई. 24 घंटे में 72670 टेस्ट हुए. दिल्ली में संक्रमण दर 0.17% है. होम आइसोलेशन में 600 मरीज़ इलाजरत हैं. एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 2091 है. 

स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का बयान

देश की राजधानी में कोरोना मामलों में गिरावट का सिलसिला जारी है तो वहीं तीसरी लहर का खतरा भी मंडरा रहा है. इस बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने दिल्ली वालों से मास्क पहनने और बेवजह भीड़ में न जाने की अपील की है. दरअसल, दिल्ली के अनलॉक होने के साथ ही कई बाज़ारों से कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली तस्वीर और आम लोगों की लापरवाही सामने आ रही है. 

Advertisement

सत्येंद्र जैन ने कहा कि 'दिल्ली में कोरोना इस समय कंट्रोल में है. लेकिन सभी कोरोना नियमों का पालन जरूर करें और घर से बाहर निकलें तो मास्क ज़रूर पहनें. कहीं ऐसा न हो जाए कि पिछली बार जब 2 से ढाई महीने तक कोरोना केस कम थे तब लोग लापरवाह हो गए और फिर भयंकर कोरोना की लहर आई. 

रणदीप गुलेरिया के बयान पर सत्येंद्र जैन की टिप्पणी 

वहीं AIIMS के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया के 6 से 8 हफ़्ते में तीसरी लहर आने के बयान पर सत्येंद्र जैन ने कहा कि 'सभी अगर मास्क पहनें तो कोरोना लहर से बच सकते हैं. ये हमारे व्यवहार पर निर्भर करता है कि हम भीड़ में न जाएं और भीड़ वाले कार्यक्रम में शामिल न हों, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी करें. 

जैन ने आगे लापरवाही का जिक्र करते हुए कहा कि दरअसल, कोरोना की दूसरी लहर से बहुत कुछ सीखा है. जैसे कोरोना के केस कम हो गए तो ऐसा बिल्कुल नहीं है कि दोबारा कोरोना केस नहीं बढ़ेंगे. जब दिल्ली में दूसरी लहर आई उससे पहले कोरोना केस 100 से कम दर्ज हो रहे थे तो लोगों को लगने लगा कि कोरोना तो ख़त्म हो गया है. लेकिन कोरोना ख़त्म नहीं हुआ है. 

Advertisement

हालांकि, दिल्ली स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया कि बाज़ारों में कोरोना नियमों का पालन करवाने के लिए पुलिस और जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं. सत्येंद्र जैन ने कहा कि जो भी मास्क नहीं पहनते हैं उनके खिलाफ़ सख़्ती की जा रही है. पुलिस के अलावा जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कोरोना नियमों का सख़्ती से पालन कराया जाए. 

Advertisement
Advertisement