दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में कोरोना से बड़ी जंग लड़ी जा रही है. वहीं के डॉक्टरों ने एक वीडियो जारी कर बड़ा आरोप लगाया है. इनका आरोप है कि कैट स्टाफ ने एक डॉक्टर से साथ हाथापाई की.साथ ही महिला गार्ड के साथ हाथापाई भी की गई. इस घटना से डॉक्टर नाराज हैं.
वीडियो में डॉक्टर ने कहा कि आज हमारे साथ एक घटना हुई है. कैट से दो लोग मरीज लेकर आए. हमने थोड़ा इंतजार करने के लिए कहा. उनसे सब्र नहीं हुआ, वह डॉक्टर के पास गए. अपना मास्क निकालकर वह डॉक्टर के काफी करीब आ गए. जब डॉक्टर ने सोशल डिस्टेनसिंग की सलाह दी तो वह बहस करने लगे और कहा कि हमें कोरोना होगा तो आपको भी हम देंगे.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
डॉक्टर ने आरोप लगाया कि जब कैट के स्टाफ को समझाने की कोशिश की गई तो वह नहीं माने और बदसलूकी करने लगे. इस दौरान उन्होंने डॉक्टर पर हाथ भी उठा दिया. जिसने हाथ उठाया, वह फीमेल स्टाफ था, जो कैट्स में काम करता था. हमने महिला गार्ड को बुलाया तो कैट्स के पुरुष स्टाफ ने उनसे बदसलूकी और गाली-गलौज की.
इस बाबत डॉक्टरों ने डायरेक्टर और सीएमओ से लिखित शिकायत भी की थी, लेकिन बाद में कैट्स की ओर से माफी मांगने के बाद इसकी पुलिस में शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है. रेजिडेंट्स डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष पारव मित्तल ने कहा कि वे आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं करा रहे हैं, क्योंकि कैट्स की ओर से माफी मांग ली गई है.
खैर, लगता है 7 साल की सजा वाला कानून भी स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ हमला करने वालों के दिलों में खौफ नहीं बिठा पा रहा. तभी जान बचाने वाले कोरोना वॉरियर्स पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे.