रक्षा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी जेन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (Zen Technologies) के शेयरों में 17 अप्रैल 2026 को जबरदस्त तेजी देखी गई. कारोबार अंत में जेन टेक के शेयर 6.80 फीसदी चढ़कर 1628 रुपये पर बंद हुआ. शेयर में इस तेजी के पीछे सरकार का एक फैसला है.
दरअसल, एक्सचेंज फाइलिंग में इस डिफेंस कंपनी ने बताया कि उसे भारत सरकार से Arms Act, 1959 के तहत हथियार निर्माण (Arms Manufacturing) का लाइसेंस मिल गया है. शुक्रवार को शेयर में तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप 14,576 करोड़ रुपये पहुंच गया है.
एक रेगुलेटरी फाइलिंग में Zen Technologies ने बताया कि इस लाइसेंस के तहत कंपनी को 12.7mm, 23mm, 30mm और 40mm के Cannons बनाने की अनुमति मिली है. ये तोपें बहुत तेजी से फायर करती हैं और ड्रोन गिराने में, हवा में मंडराते हथियार रोकने में और कम ऊंचाई पर आने वाले खतरों से बचाव में बहुत काम आती हैं. यानी ये सिस्टम आखिरी सुरक्षा कवच की तरह काम करते हैं.
जेन टेक के शेयरों की चाल
स्टॉक ने 5 जून 2025 को 2,268.15 रुपये का 52-सप्ताह का उच्च स्तर छुआ था, जबकि 14 जनवरी 2026 को 1,226 रुपये का 52-सप्ताह का निचला स्तर देखा था. अधिकांश ब्रोकरेज हाउस ने इस शेयर पर Buy या Hold की रेटिंग दी है.
बता दें, दुनिया में चल रहे संघर्षों के बीच, जहां ड्रोन, लोइटरिंग म्यूनिशन और असममित हवाई खतरे तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में ये सिस्टम Zen Technologies को उभरती युद्धक्षेत्र चुनौतियों का सामना करने के लिए भारत-केंद्रित और किफायती एयर डिफेंस समाधान विकसित करने में सक्षम बनाते हैं.
मजबूत ऑर्डर बुक
जेन टेक्नोलॉजीज के पास वर्तमान में एक मजबूत ऑर्डर बुक है, कंपनी को हाल ही में रक्षा मंत्रालय (MoD) से लगभग 404 करोड़ रुपये के महत्वपूर्ण ऑर्डर मिले हैं, जिसमें एंटी-ड्रोन सिस्टम और कॉम्बैट ट्रेनिंग सिमुलेटर शामिल हैं.
ग्लोबल विस्तार की जोरदार तैयारी
कंपनी केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं है. जेन टेक्नोलॉजीज गोवा में एक नई विनिर्माण इकाई स्थापित कर रही है और साथ ही अमेरिकी बाजार (US market) में अपनी पैठ बनाने के लिए वहां उत्पादन शुरू करने की योजना बना रही है. सिमुलेशन और एंटी-ड्रोन तकनीक में इसकी वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र है.
Zen Technologies भारत की एक प्रमुख रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी है, जो ड्रोन-रोधी सिस्टम और उन्नत प्रशिक्षण सिमुलेटर विकसित करती है. हैदराबाद स्थित यह कंपनी साल 1993 से कार्यरत है.
(नोट: शेयर बाजार में निवेश से वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें)