आठ बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर दिसंबर, 2012 में घटकर 2.6 प्रतिशत पर आ गई. पिछले साल इसी महीने यह 4.9 फीसद रही थी.
कोयला, प्राकृतिक गैस और उर्वरक उत्पादन में गिरावट से बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर कम हुई है. आठ बुनियादी उद्योगों कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, सीमेंट, कोयला, बिजली, इस्पात, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पाद तथा उर्वरक में अप्रैल से दिसंबर 2012 की अवधि में कुल वृद्धि 3.3 फीसद रही, जो इससे पिछले साल इसी अवधि में 4.8 प्रतिशत रही थी.
सकल औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में इन आठ क्षेत्रों का भारांश 37.9 प्रतिशत है. माह के दौरान प्राकृतिक गैस का उत्पादन 14.9 प्रतिशत घटा, जबकि कोयला उत्पादन में 0.2 फीसद की गिरावट रही. इसी तरह उर्वरक उत्पादन में 3.8 फीसद कमी रही, हालांकि पिछले साल दिसंबर में उर्वरक उत्पादन 0.8 प्रतिशत बढ़ा था. माह के दौरान इस्पात और बिजली क्षेत्र के उत्पादन की वृद्धि दर घटकर क्रमश: 5.2 और 4.4 प्रतिशत रह गई. पिछले साल इस अवधि में यह क्रमश: 10.2 प्रतिशत और 8.9 प्रतिशत रहा था.
सीमेंट उत्पादन की वृद्धि दर दिसंबर में घटकर 3.9 प्रतिशत रह गई, जो दिसंबर, 2011 में 13.6 फीसद रही थी. हालांकि, माह के दौरान कच्चे तेल का उत्पादन एक प्रतिशत बढ़ गया, जबकि पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादों के उत्पादन में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. दिसंबर, 2011 में कच्चे तेल का उत्पादन 5.5 फीसद घटा था, जबकि पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादों के उत्पादन में 0.7 फीसद की गिरावट आई थी. नवंबर, 2012 में आठ बुनियादी उद्योगांे की वृद्धि दर घटकर 1.8 प्रतिशत रही थी.