इजरायल और ईरान के बीच जंग से मिडिल ईस्ट में भारी तनाव बना हुआ है. ईरान लगातार मिडिल ईस्ट के शहरों में मिसाइल अटैक कर रहा है. वहीं इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर कई हमले किए हैं.ईरान के सुप्रीम खामेनेई को मार दिया गया है, लेकिन फिर भी युद्ध शांत होने की उम्मीद नहीं दिख रही है.
इस जंग के कारण सोने और चांदी के भाव में तगड़ी उछाल देखने को मिली है. मल्टी कमोडिटी मार्केट में 10 ग्राम सोने का भाव 4641 रुपये चढ़कर 1,66,745 रुपये पर पहुंच गया, जो 2.86 फीसदी की तेजी को दिखाता है. वहीं चांदी की कीमतों में 2.67 फीसदी या 8000 रुपये की तेजी आई है और यह 2.91 लाख प्रति किलो पर कारोबार कर रही है.
दिल्ली-मुंबई के बाजारों में गोल्ड-सिल्वर रेट
2 मार्च की सुबह राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,73,240 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई है. वहीं मुंबई में इसकी कीमत 173090 रुपये प्रति 10 ग्राम हो चुकी है. सिर्फ एक हफ्ते में ही 24 कैरेट सोने की कीमत 9430 रुपये चढ़ा है. वहीं 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 8550 रुपये बढ़ी है.
इंटरनेशनल मार्केट में रेट्स
इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने और चांदी के भाव में तगड़ी उछाल आई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोमवार को शुरुआती ट्रेडिंग में सोना 2 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 5,390 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. वहीं चांदी का स्पॉट प्राइस में भी 2 फीसदी से ज्यादा की उछाल आई है और यह $93.76 प्रति ट्रॉय औंस (USD) के आसपास है.
100 डॉलर पर जा सकता है कच्चे तेल का भाव
सोमवार को कच्चे तेल के भाव में 10 फीसदी से ज्यादा की उछाल आई है. अब एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसकी कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकती है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि शॉर्ट टर्म में हम तेल आपूर्ति और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में गंभीर व्यवधान की आशंका जता रहे हैं, जिससे ब्रेंट क्रूड की कीमतें बढ़कर 90-100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं.
शेयर बाजार में भारी गिरावट
गौरतलब है कि इस जंग के कारण शेयर बाजारों में भी कोहराम मचा हुआ है. सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा टूट चुका है और निफ्टी 300 अंक गिरकर करोबार कर रही है. वहीं बाकी के एशियाई मार्केट में भी भारी तबाही का मंजर है. जापान का निक्केई 225 874.07 पॉइंट्स नीचे 57,976.20 पर खुला. चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 11.08 पॉइंट्स (-0.27%) नीचे 4,151.80 पर खुला, हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स शुरुआती ट्रेड में 2% से ज़्यादा गिरा है.