सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम घट गए. देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल आठ पैसे जबकि डीजल 15 पैसे सस्ता हो गया है. ये लगातार छठवां दिन है जब डीजल के भाव कम हुए हैं. इन छह दिनों में डीजल 1.28 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है. बता दें कि सोमवार को डीजल के दाम में 15 पैसे प्रति लीटर तक की कटौती की गई थी, जबकि पेट्रोल के दाम में लगातार तीन दिन तक स्थिरता रही.
क्या है रेट लिस्ट
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में डीजल का भाव घटकर क्रमश: 71.28 रुपये, 74.80 रुपये, 77.74 रुपये और 76.72 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है. जबकि चारों महानगरों में पेट्रोल का दाम क्रमश: 81.06 रुपये, 82.59 रुपये, 87.74 रुपये और 84.14 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है. आपको बता दें कि पेट्रोल-डीजल के भाव रोजाना बदलते हैं और सुबह 6 बजे अपडेट हो जाते हैं. पेट्रोल-डीजल का रोज़ का रेट आप SMS से जान सकते हैं.
कच्चे तेल का हाल
बीते सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटर कांटिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) पर ब्रेंट क्रूड के नवंबर डिलीवरी अनुबंध में 0.16 फीसदी की तेजी के साथ 43.22 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था. वहीं, न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज (नायमैक्स) पर वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) के नवंबर डिलीवरी वायदा अनुबंध में पिछले सत्र के मुकाबले 0.15 फीसदी की तेजी के साथ 41.38 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था.